1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू रेलवे स्टेशन के सामने शिवा मार्केट में भीषण आग, 35-40 दुकानें स्वाहा, एक होटल भी खाक; करोड़ों का नुकसान

जम्मू रेलवे स्टेशन के सामने शिवा मार्केट में भीषण आग, 35-40 दुकानें स्वाहा, एक होटल भी खाक; करोड़ों का नुकसान

 Written By: Khushbu Rawal
 Published : Oct 26, 2026 09:15 am IST,  Updated : Oct 26, 2026 09:17 am IST

जम्मू रेलवे स्टेशन के सामने शिवा मार्केट में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में 35 से 40 दुकानें पूरी तरह जल गईं। आग की चपेट में सूखे मेवे और कंबल बेचने वाली दुकानों के साथ ढाबे भी आए।

jammu shiva market fire- India TV Hindi
शिवा मार्केट में आग से बड़े पैमाने पर नुकसान। Image Source : REPORTER INPUT

जम्मू में देर रात आग ने ऐसा तांडव मचाया कि देखते ही देखते पूरा बाजार इसकी चपेट में आ गया। जम्मू रेलवे स्टेशन के सामने स्थित शिवा मार्केट में लगी भीषण आग से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयानक थी कि कई दुकानों में रखा सामान जलकर राख हो गया, जबकि एक होटल को भी भारी नुकसान पहुंचा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नुकसान करोड़ों रुपये में होने का अनुमान है।

दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप

जानकारी के मुताबिक, शिवा मार्केट में आग रविवार देर रात में लगी। आग की लपटें तेजी से आसपास की दुकानों तक फैल गईं। इस दौरान बाजार में मौजूद दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

कारोबारियों को भारी आर्थिक नुकसान

इस हादसे में बड़ी संख्या में दुकानों को नुकसान पहुंचा है। बीजेपी विधायक विक्रम रंधावा के मुताबिक, करीब 35 से 40 दुकानें पूरी तरह जल गई हैं। वहीं, शुरुआती रिपोर्टों में 15 दुकानों और एक होटल के तबाह होने की जानकारी सामने आई है। आग में दुकानों के भीतर रखा सामान भी जलकर नष्ट हो गया, जिससे कारोबारियों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।

आग लगने की वजह क्या?

शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।

भीषण आग में दुकानदारों की जिंदगी भर की कमाई देखते ही देखते राख हो गई।
Image Source : REPORTER INPUTभीषण आग में दुकानदारों की जिंदगी भर की कमाई देखते ही देखते राख हो गई।

दुकानदानों की रोजी-रोटी का बड़ा सहारा जलकर राख

शिवा मार्केट जम्मू रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक प्रमुख कारोबारी इलाका है। यहां कई तरह की दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं। आग में दुकानों के जलने से कारोबारियों के सामने बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। अब प्रभावित दुकानदारों को प्रशासन से मदद और मुआवजे की उम्मीद है। फिलहाल, आग से हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इस हादसे में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

वहीं, इससे एक दिन पहले शनिवार रात श्रीनगर के करन नगर इलाके में मेडिकेयर अस्पताल के सामने स्थित कंबल बेचने वाली एक दुकान में भीषण आग लग गई थी। 

(रिपोर्ट- शाम साढ़ोतरा)

यह भी पढ़ें-

भोपाल ISBT में बड़ा हादसा टला, बस स्टैंड पर 8 गाड़ियों में लगी आग, 4-5 करोड़ का हुआ नुकसान

नोएडा की 6 दुकानों में लगी आग, एक की मौत; अंदर बड़ी संख्या में मिले LPG सिलेंडर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।