1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुश्किलों में शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब, दर्ज हुई FIR, झड़प में घायल हुए थे पुलिसकर्मी, जानिए पूरा मामला

मुश्किलों में शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब, दर्ज हुई FIR, झड़प में घायल हुए थे पुलिसकर्मी, जानिए पूरा मामला

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Apr 07, 2026 12:10 pm IST,  Updated : Apr 07, 2026 12:14 pm IST

आरजेडी विधायक ओसामा शहाब के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। दो पक्षों के बीच हुई झड़प के बाद पथराव हुआ था।

ओसामा शहाब- India TV Hindi
ओसामा शहाब Image Source : PTI

बिहार के सीवान जिले में जीप और ऑटो-रिक्शा की टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच हुई झड़प मामले में नया मोड़ सामने आ गया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक ओसामा शहाब को नामजद किया गया है। पुलिस अधीक्षक (SP) पूरन कुमार झा के अनुसार, रविवार देर रात इस मामले में दो प्राथमिकी दर्ज की गईं। एक शिकायत जीप में सवार चंदन सिंह की ओर से और दूसरी ऑटो-रिक्शा चालक डब्लू खान की ओर से दर्ज कराई गई। 

सेमारी गांव में हुई थी झड़प

यह घटना एम.एच. नगर थाना क्षेत्र के सेमारी गांव में हुई थी। एसपी ने बताया कि चंदन सिंह और उनके समर्थकों की शिकायत के आधार पर विधायक ओसामा शहाब का नाम प्राथमिकी में शामिल किया गया है। 

FIR में विधायक का भी नाम शामिल

उन्होंने कहा, 'यह जांच की जा रही है कि घटना में ओसामा शहाब की किसी प्रकार की संलिप्तता थी या नहीं।' हालांकि, पुलिस ने एक अन्य प्राथमिकी भी दर्ज की है, जिसमें दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है और उसमें विधायक का नाम शामिल नहीं है। 

दोनों में विवाद के बाद शुरू हुआ पथराव

पुलिस के अनुसार, रविवार शाम वाहन टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और पथराव शुरू हो गया। इस झड़प में कुछ पुलिसकर्मियों को भी मामूली चोटें आई हैं। एक अधिकारी ने बताया कि घटना के पीछे राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता भी कारण हो सकती है। 

2025 में चुनाव लड़कर विधायक बने ओसामा शहाब

बता दें कि ओसामा शहाब दिवंगत बाहुबली पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे हैं। ओसामा ने 2025 के विधानसभा चुनाव में सीवान जिले की रघुनाथपुर सीट से चुनाव जीतकर अपना राजनीतिक पदार्पण किया था। फिलहाल इस मामले में उनकी प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।