1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुजफ्फरपुर में 27 लाख की हेरोइन के साथ 5 गिरफ्तार, मोबाइल और ढाई लाख की नकदी बरामद

मुजफ्फरपुर में 27 लाख की हेरोइन के साथ 5 गिरफ्तार, मोबाइल और ढाई लाख की नकदी बरामद

 Published : Sep 14, 2026 09:55 am IST,  Updated : Sep 14, 2026 10:49 am IST

मुजफ्फरपुर में 27 लाख की हेरोइन के साथ महिला समेत 5 तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस और STF की संयुक्त कार्रवाई में इस गिरोह को पकड़ा गया है। तस्करों के पास से 136.35 ग्राम हेरोइन, मोबाइल और 2.5 लाख रुपये नगद बरामद किए गए हैं।

मुजफ्फरपुर में 5 हेरोइन तस्कर गिरफ्तार- India TV Hindi
मुजफ्फरपुर में 5 हेरोइन तस्कर गिरफ्तार Image Source : INDIA TV

बिहार के मुजफ्फरपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुजफ्फरपुर पुलिस और बिहार एसटीएफ (नारकोटिक्स सेल) को बड़ी सफलता हासिल हुई है। तुर्की थाना क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस और STF की टीम ने एक महिला समेत पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 136.35 ग्राम हेरोइन, 2.54 लाख नकद, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

27 लाख की हेरोइन के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि किशनगंज से पटना जा रही एक यात्री बस में तस्कर हेरोइन की बड़ी खेप लेकर सफर कर रहे हैं। सूचना के आधार पर तुर्की थाना क्षेत्र के विकास लाइन होटल के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान बस में सवार संदिग्ध यात्रियों की तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से हेरोइन और नकदी बरामद की गई।

ढाई लाख और मोबाइल फोन भी बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र निवासी कुंदन राय और रोहित कुमार, रुस्तमपुर ओपी क्षेत्र निवासी प्रकाश कुमार और सतीश कुमार, पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र निवासी काजल देवी के रूप में हुई है। पश्चिमी एसडीपीओ एसी ज्ञानी ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी एक संगठित तस्कर गिरोह से जुड़े हुए हैं। उनके पास से बरामद 136.35 ग्राम हेरोइन बरामद किया गया है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 27 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा इन लोगों के पास से करीब ढाई लाख नकद, पांच मोबाइल फोन, आधार कार्ड और बस-ट्रेन के टिकट भी जब्त किए गए हैं।

असम के सिलचर से मंगाई गई थी हेरोइन की खेप

शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह असम के सिलचर से हेरोइन की खेप मंगाकर बिहार के अलग-अलग जिलों में उसकी आपूर्ति करता था। पुलिस के अनुसार इस नेटवर्क का विस्तार बिहार के अलावा असम और अन्य राज्यों तक फैला हुआ है। इस मामले में तुर्की थाना कांड संख्या 294/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में छापे मारी जारी है।

इनपुट: संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर, बिहार

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।