बिहार के हाजीपुर में स्मैक के अवैध कारोबार को लेकर दो गुटों के बीच खूनी गैंगवार का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मादक पदार्थ की खेप, उस पर कब्जे की कोशिश और पुराने पैसों के लेन-देन के विवाद को लेकर दोनों गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और पहले जमकर मारपीट हुई, जिसके बाद दोनों ओर से ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं। फायरिंग में दो बदमाशों को गोली लगी, जबकि मारपीट में एक अन्य युवक घायल हो गया। तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सदर थाना क्षेत्र के मदारपुर चौक की है, जहां मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुराने पैसों के लेन-देन के विवाद को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, दोनों गुट कथित तौर पर मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि स्मैक की एक खेप की डिलीवरी, उस पर कब्जा करने की कोशिश और पुराने पैसों के लेन-देन के विवाद को लेकर दोनों गुट आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से करीब आधा दर्जन राउंड फायरिंग हुई।
घटनास्थल से खोखे और हथियार किया गया बरामद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कई खोखे और एक हथियार बरामद किया। इसके अलावा तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने यह भी बताया कि गोली लगने से घायल अजय मिश्रा के घर पर पिछले महीने भी बम से हमला हुआ था, जिसमें वह बाल-बाल बच गया था।
प्राथमिकी कर ली गई दर्ज
हाजीपुर के एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि मौके पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटा रही है। दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद जिले में मादक पदार्थों के बढ़ते अवैध कारोबार और उससे जुड़ी गैंगवार को लेकर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
( हाजीपुर से राजा बाबू की रिपोर्ट )
ये भी पढ़ें-
डेहरी नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी हत्याकांड में बड़ा खुलासा, ड्राइवर ने कबूला गुनाह