1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 'सर प्लीज गेट खोल दीजिए, करियर का सवाल है', 10वीं की परीक्षा छूटी तो छात्रा ने कर लिया सुसाइड

'सर प्लीज गेट खोल दीजिए, करियर का सवाल है', 10वीं की परीक्षा छूटी तो छात्रा ने कर लिया सुसाइड

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Feb 18, 2026 10:55 am IST,  Updated : Feb 18, 2026 01:47 pm IST

बिहार की राजधानी पटना में एक छात्रा ने सुसाइड कर लिया। आरोप है कि छात्रा 10वीं की परीक्षा देने गई थी लेकिन गेट नहीं खोलने के कारण उसकी परीक्षा छूट गई। इससे वह आहत हो गई।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : ANI

पटना के मसौढ़ी से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां मैट्रिक की परीक्षा में देर से पहुंचने के कारण प्रवेश नहीं मिलने से आहत एक छात्रा ने चलती ट्रेन से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना मसौढ़ी थाना क्षेत्र के महाराजचक गांव की है। मृतका की पहचान मसौढ़ी के खरजमा गांव निवासी मंटू यादव की पुत्री कोमल कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि कोमल मैट्रिक की परीक्षार्थी थी और मंगलवार को बरनी स्थित परीक्षा केंद्र पर उसकी परीक्षा थी। वह परीक्षा देने के लिए सोमवार को ही अपने रिश्तेदार के गांव महाराजचक चली गई थी। 

परीक्षा 9:30 बजे, पहुंची 9.10 बजे, फिर भी नहीं खुला गेट

परीक्षा केंद्र वहां से करीब 6 किलोमीटर दूर बरनी में था। जानकारी के अनुसार, परीक्षा केंद्र पर सुबह 9 बजे तक रिपोर्टिंग का समय निर्धारित था, लेकिन कोमल 9:10 बजे पहुंची। ऐसे में प्रवेश बंद कर दिया गया। परीक्षा केंद्र पहुंचने पर गेट बंद मिला तो कोमल गेट खटखटाने लगी। वह बार-बार निवेदन कर रही थी, सर प्लीज गेट खोल दीजिए, परीक्षा 9:30 बजे शुरू होगी। मैं सिर्फ दस मिनट लेट हूं, अभी 20 मिनट बाकी हैं, मेरा करियर का सवाल है। लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं सुनी। काफी प्रयास के बाद भी जब गेट नहीं खुला तो वह निराश होकर घर लौट आई। 

आहत होकर छात्रा ने दी जान

इसके बाद वह नदौल पहुंची और एक ट्रेन पर सवार हो गई। तरेगना और मसौढ़ी कोर्ट स्टेशन के बीच महाराजचक गांव के पास चलती ट्रेन से कूद गई। पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां वह दम तोड़ दिया। शुरुआती दौर में उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में मसौढ़ी थाना पुलिस ने उसका फोटो सोशल मीडिया पर जारी किया, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसकी पहचान की और परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां रो-रोकर बेहाल हो गई। बताया जाता है कि कोमल दो बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। उसके पिता मंटू यादव बाहर मजदूरी करते हैं। इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है और परीक्षा व्यवस्था की सख्ती को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

रिपोर्ट- मुकेश

डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।

या

TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)

(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।