पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा की कोचिंग सेंटर की छत से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, फुलवारी शरीफ के हरी नगर कॉलोनी स्थित एक निजी भवन में कोचिंग सेंटर संचालित होता है। छात्रा रोज़ की तरह पढ़ने के लिए कोचिंग गई थी। इसी दौरान परिजनों को सूचना मिली कि छत से गिरने के कारण उसकी मौत हो गई है।
तीन लोग हिरासत में
परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्होंने घटना पर संदेह जताया। उनका कहना है कि जिस स्थान पर छात्रा का शव मिला, वहां सीधे छत से गिरना संभव नहीं लगता। परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। परिजनों के मुताबिक पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ किया जा रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में नजर आई संदिग्ध गतिविधियां
सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दी हैं। इसी आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि छात्रा के साथ किसी प्रकार की गलत हरकत की गई हो सकती है। हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।
लड़की का पीछा करते दिखे दो लड़के
CCTV फुटेज में दिख रहा है कि लड़की ऊपर की ओर भाग रही है, उसके पीछे दो लड़के भी हैं और फिर वह ज़मीन पर गिर गई। उसके परिवार ने चोट के निशान और मौके पर खून न होने का हवाला देते हुए हत्या का आरोप लगाया है। घटना की जांच के लिए एक SIT बनाई है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना तब हुई जब स्टूडेंट सुबह-सुबह अपनी कोचिंग क्लास के लिए घर से निकली थी, जो उसने हाल ही में 1 फरवरी को जॉइन की थी। कुछ देर बाद उसकी बॉडी कोचिंग सेंटर के पास सड़क पर मिली। परिवार वालों का आरोप है कि उसकी हत्या की गई और फिर उसे ऊपरी मंज़िल से धक्का दिया गया, क्योंकि उसके शरीर पर चोट के निशान दिखे, जिसमें टूटे हुए हाथ-पैर भी शामिल हैं और गिरने के बावजूद मौके पर खून नहीं था।
रिपोर्ट- इस्तेयाक खान, दानापुर
संपादक की पसंद