1. Hindi News
  2. बिहार
  3. कटिहार में भीषण सड़क हादसा: कार को बचाने के चक्कर में पलटी मजदूरों से भरी बस, 25 घायल, 15 की हालत गंभीर

कटिहार में भीषण सड़क हादसा: कार को बचाने के चक्कर में पलटी मजदूरों से भरी बस, 25 घायल, 15 की हालत गंभीर

 Published : Jun 13, 2026 12:09 pm IST,  Updated : Jun 13, 2026 12:09 pm IST

कटिहार कोढ़ा थाना क्षेत्र के जुराबगंज के पास अहले सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नवादा जिले से पश्चिम बंगाल के कूचबिहार लौट रहे मजदूरों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें 25 लोग घायल हो गए हैं। जानिए पूरा मामला।

कार को बचाने के चक्कर में पलटी मजदूरों से भरी बस, 25 घायल- India TV Hindi
कार को बचाने के चक्कर में पलटी मजदूरों से भरी बस, 25 घायल Image Source : INDIA TV

बिहार के कटिहार जिले से एक बड़े सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां कोढ़ा थाना क्षेत्र के जुराबगंज के नजदीक एक अनियंत्रित बस सड़क किनारे पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में बस पर सवार दर्जनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि यह हादसा एक तेज रफ्तार कार को बचाने के प्रयास में हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

बस में सवार थे 60 से 70 मजदूर

जानकारी के मुताबिक, मजदूरों से भरी यह बस नवादा जिले से पश्चिम बंगाल के कूचबिहार लौट रही थी। इस बस में मजदूर सवार थे। इस हादसे में 25 मजदूर घायल हो गए जिनमें 15 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया हायर सेंटर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि बस में करीब 60 से 70 मजदूर सवार थे, जो नवादा के एक ईंट-भट्ठे में काम करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। 

कैसे हुआ हादसा
जुराबगंज के नजदीक अचानक एक कार बस के सामने आ गई। कार को बचाने के प्रयास में बस चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को कोढ़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनीत कुमार ने बताया कि 25 घायलों का इलाज किया जा रहा। इनमें 10 लोगों की स्थिति सामान्य थी, जबकि 15 गंभीर घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए पूर्णिया हायर सेंटर भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

(रिपोर्ट- करण कुमार)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।