बिहार में विधान परिषद चुनाव से पहले प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में प्रशांत किशोर के साथ बड़ा खेला हो गया है। यहां पार्टी द्वारा प्रत्याशी घोषित किए जाने के सिर्फ 24 घंटे के भीतर शिक्षक नेता भूषण झा ने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया। भूषण झा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने की घोषणा कर दी है। ऐसे में अब प्रशांत किशोर के लिए मुश्किल बढ़ गई है। हालांकि भूषण झा के इस कदम के बाद अब प्रशांत किशोर की जन सुराज आज शनिवार को नए प्रत्याशी के नाम की घोषणा करेगी।
भूषण झा ने लगाए गंभीर आरोप
बता दें कि जन सुराज छोड़ने का ऐलान करते हुए भूषण झा ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि समीक्षा बैठक के दौरान जब वे अपनी बात रख रहे थे, तो उनके साथी शिक्षकों को रिकॉर्डिंग करने से रोक दिया गया और उनको पार्टी की तरफ से तय की गई बात बोलने को मजबूर किया गया। ये बात उन्हें अत्यंत आपत्तिजनक लगी जिसके बाद साथी शिक्षकों के सुझाव पर उन्होंने जन सुराज का दामन छोड़कर निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया।
प्रशांत किशोर की मौजूदगी में हुई बैठक
दरअसल, यह बैठक 25 सितंबर को मुजफ्फरपुर के माड़ीपुर में एक होटल में प्रशांत किशोर की मौजूदगी में हुई थी। इसी बैठक के बाद भूषण झा ने जन सुराज छोड़कर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने का ऐलान किया। उन्होंने बैठक में अपने और समर्थक शिक्षकों के साथ खराब व्यवहार को लेकर कई आरोप लगाए।
सभी सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान
इससे पहले जन सुराज पार्टी ने गुरुवार को बिहार विधान परिषद की 8 सीटों में से तीन सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया था। इन सीटों पर 23 अक्टूबर को चुनाव होने हैं, जबकि वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को तय की गई है। इसके अलावा जन सुराज ने बाकी 5 सीटों के लिए उम्मीदवारों का ऐलान 20 सितंबर को ही कर दिया था।
किस सीट से कौन है प्रत्याशी
- पटना ग्रेजुएट्स सीट- अनुज सिंह
- पटना टीचर्स सीट- दिव्या ज्योति
- तिरहुत ग्रेजुएट्स सीट- विमोहन कुमार
- तिरहुत टीचर्स सीट- इस्तीफे के बाद खाली
- दरभंगा ग्रेजुएट्स सीट- रवींद्र यादव
- दरभंगा टीचर्स सीट- एसपी राय
- कोसी ग्रेजुएट्स सीट- रजनीश रंजन
- सारण टीचर्स सीट- अफाक अहमद
यह भी पढ़ें-