1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 'नीतीश सिर्फ कुर्सी के लिए बदलते हैं पाला', खरगे ने BJP-JDU गठबंधन को बताया अवसरवादी

'नीतीश सिर्फ कुर्सी के लिए बदलते हैं पाला', खरगे ने BJP-JDU गठबंधन को बताया अवसरवादी

 Published : Apr 21, 2025 11:24 am IST,  Updated : Apr 21, 2025 11:24 am IST

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि नीतीश कुमार और भाजपा के बीच गठबंधन अवसरवादी है। यह राज्य के लोगों के लिए अच्छा नहीं है। नीतीश कुमार सिर्फ ‘कुर्सी’ के लिए पाला बदलते हैं। उन्होंने महात्मा गांधी की हत्या करने वाली विचारधारा से हाथ मिला लिया है।

nitish kumar mallikarjun kharge- India TV Hindi
नीतीश कुमार, मल्लिकार्जुन खरगे। Image Source : FILE PHOTO

बक्सर: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बिहार में जनता दल यूनाइटेड (JDU) और भाजपा के सत्तारूढ़ गठबंधन को ‘अवसरवादी’ करार देते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार केवल ‘कुर्सी’ के लिए पाला बदलते हैं। खरगे ने रविवार को यहां डलसागर स्टेडियम में पार्टी की ‘जय बापू, जय भीम और जय संविधान’ रैली को संबोधित करते हुए बिहार के लोगों से इस साल के उत्तरार्द्ध में होने वाले विधानसभा चुनाव में NDA को सत्ता से बाहर करने की अपील की। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया, ‘‘नीतीश कुमार और भाजपा के बीच गठबंधन अवसरवादी है। यह राज्य के लोगों के लिए अच्छा नहीं है। नीतीश कुमार सिर्फ ‘कुर्सी’ (मुख्यमंत्री पद) के लिए पाला बदलते हैं। जेडीयू प्रमुख ने महात्मा गांधी की हत्या करने वाली विचारधारा से हाथ मिला लिया है।’’

'झूठ की फैक्टरी चला रहे हैं मोदी जी'

उन्होंने सवाल किया कि बिहार के लिए 1.25 लाख करोड़ रुपये के पैकेज के पीएम मोदी के वादे का क्या हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी ‘‘झूठ की फैक्टरी’’ चला रहे हैं। खरगे ने दावा किया, ‘‘बिहार के लोगों को नीतीश कुमार से पूछना चाहिए कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 18 अगस्त 2015 को बिहार के लिए 1.25 लाख करोड़ रुपये के पैकेज का जो वादा किया था, उसका क्या हुआ? मोदी जी झूठ की फैक्टरी चला रहे हैं।’’ उन्होंने लोगों से आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में राजग सरकार को सत्ता से बाहर करने तथा ‘महागठबंधन’ के दलों को वोट देने का आह्वान किया।

नेशनल हेराल्ड मामले पर क्या बोले खरगे?

नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ED द्वारा हाल में दाखिल की गई चार्जशीट पर खरगे ने कहा, ‘‘यह कांग्रेस को निशाना बनाने के लिए किया गया है। हमारे नेताओं को डराया नहीं जा सकता है। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने देश के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी।’’

'समाज के कमजोर वर्गों के खिलाफ हैं बीजेपी-RSS'

कांग्रेस अध्यक्ष ने यह आरोप भी लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भाजपा समाज के ‘कमजोर वर्गों के कल्याण के पक्ष में नहीं है। उन्होंने दावा किया, ‘‘वे गरीबों, महिलाओं और समाज के कमजोर वर्गों के खिलाफ हैं... वे (आरएसएस-भाजपा) समाज की बेहतरी के बारे में नहीं सोच सकते। वे जाति और धर्म के आधार पर समाज को बांटने में विश्वास करते हैं।’’ उन्होंने कहा कि संसद से पारित किया गया वक्फ संशोधन अधिनियम भाजपा, आरएसएस की समुदायों के बीच विभाजन पैदा करने की साजिश है। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

'कुरान में लिखा है कि उसे सजा मिलेगी', मुर्शिदाबाद हिंसा पर बोले बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान

"सुप्रीम कोर्ट पर ऐसी टिप्पणी...", निशिकांत दुबे के बयान पर तेजस्वी यादव ने जताया एतराज, कही ये बातें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।