बिहार के कैमूर जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक तस्वीर सामने आई है। यहां इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर मरीजों का इलाज करने के बजाय लुंगी और बनियान पहनकर अस्पताल परिसर में घूमते नजर आए। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, रामगढ़ थाना क्षेत्र के बंदीपुर के समीप गुरुवार की रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ऑटो के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में ऑटो सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत रामगढ़ रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों को देखने पहुंचे विधायक तो खुली पोल
हादसे की सूचना मिलते ही रामगढ़ के स्थानीय विधायक सतीश कुमार सिंह उर्फ पिंटू यादव घायलों का हालचाल जानने और उनके तुरंत इलाज के लिए अचानक अस्पताल पहुंचे। लेकिन वहां का नजारा देखकर वह दंग रह गए। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात प्रभारी चिकित्सक डॉ. संजय लुंगी और बनियान पहनकर अस्पताल परिसर में घूम रहे थे।
देखें वीडियो-
विधायक ने ऑन-ड्यूटी डॉक्टर को लगाई फटकार
अस्पताल में इस कदर घोर लापरवाही और मर्यादा की कमी देखकर विधायक का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने ऑन-ड्यूटी डॉक्टर को जमकर फटकार लगाई। विधायक ने तुरंत मौके से ही कैमूर के सामने सिविल सर्जन को फोन लगाया और इस पूरी बदहाली की शिकायत की। उन्होंने कहा कि अस्पताल को 'चारागाह' बना दिया गया है और दोषी डॉक्टर को अविलंब निलंबित करने की मांग की। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
(रिपोर्ट- मुकुल जायसवाल)
यह भी पढ़ें-
डॉक्टर की लापरवाही से 11 साल के बच्चे का काटना पड़ा पैर, चिकित्सा अधिकारी निलंबित