1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 'हमने AIMIM को वोट दिया था, आपने पार्टी बदल ली', आरजेडी विधायक पर फूटा किशनगंज के ग्रामीणों का गुस्सा। VIDEO

'हमने AIMIM को वोट दिया था, आपने पार्टी बदल ली', आरजेडी विधायक पर फूटा किशनगंज के ग्रामीणों का गुस्सा। VIDEO

 Published : Aug 08, 2025 10:17 am IST,  Updated : Aug 08, 2025 10:39 am IST

बिहार के किशनगंज में आरजेडी विधायक इजहार अस्फी को मतदाताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। एक युवक ने विधायक से कहा कि अब वह उन्हें वोट नहीं देगा।

 विधायक इजहार अस्फी पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा- India TV Hindi
विधायक इजहार अस्फी पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा Image Source : REPORTER INPUT

किशनगंज: किशनगंज जिले के कोचाधामन प्रखंड में आरजेडी विधायक इजहार अस्फी को ग्रामीणों और मतदाताओं के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा है। विधायक जब ग्रामीणों के बीच पहुंचे तो उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि स्थानीय लोग विधायक पर पार्टी बदलने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।

वायरल हो रहे वीडियो में एक युवक विधायक से कहता नजर आ रहा है, "हमने आपको एआईएमआईएम के टिकट पर वोट दिया था, लेकिन आपने पार्टी बदल ली। चाहे जो हो जाए मैं आप को वोट नहीं दूंगा। सिर्फ एआईएमआईएम को ही वोट दूंगा। 

कोचाधामन से विधायक चुने गए थे इजहार अस्फी

दरअसल, इजहार अस्फी 2020 के विधानसभा चुनाव में एआईएमआईएम के टिकट पर कोचाधामन से विधायक चुने गए थे। लेकिन बाद में उन्होंने आरजेडी का दामन थाम लिया। इस कदम से क्षेत्र के मतदाताओं में नाराजगी देखी जा रही है। वायरल वीडियो में ग्रामीण विधायक से तीखी बहस करते दिख रहे हैं। एक युवक ने उनसे सवाल किया कि उन्होंने मतदाताओं का विश्वास क्यों तोड़ा। जवाब में विधायक कहते सुने जा रहे हैं, "तुम जिससे बात कर रहे हो, उसका नाम इजहार अस्फी है।"

यहां देखें वीडियो

विधायक की ग्रामीणों से तीखी बहस

 
मिली जानकारी के मुताबिक, विधायक अशफी कुट्टी पंचायत के धूमनगर में योजना का उद्घाटन करने पहुंचे थे। जहां ग्रामीणों के साथ उनकी तीखी बहस हो गई। वीडियो वायरल होने के बाद लोग राजद विधायक का जमकर मजा ले रहे है। दूसरी ओर, विधायक के समर्थकों का कहना है कि इजहार अस्फी क्षेत्र के विकास के लिए काम कर रहे हैं और पार्टी बदलने का फैसला उनकी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा था। इस विवाद ने एक बार फिर मतदाताओं के बीच विश्वास और राजनीतिक निष्ठा के सवाल को चर्चा में ला दिया है।

2020 में एआईएमआईएम ने पांच सीटें जीती

बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने पांच सीटें जीती थी। चुनाव के बाद पांच में से चार विधायकों ने आरजेडी का दामन थाम लिया था। प्रदेश में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं।

 रिपोर्ट- राजेश दुबे, किशनगंज 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।