1. Hindi News
  2. बिहार
  3. लालू यादव ने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को RJD से निकाला, कहा- 'परिवार से भी कोई मतलब नहीं'

लालू यादव ने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को RJD से निकाला, कहा- 'परिवार से भी कोई मतलब नहीं'

 Reported By: Nitish Chandra Edited By: Shakti Singh
 Published : May 25, 2025 03:19 pm IST,  Updated : May 25, 2025 03:48 pm IST

लालू यादव ने कहा कि तेज प्रताप यादव का गैर जिम्मेदाराना व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उनका व्यवहार पारिवारिक मूल्यों के खिलाफ है। इसी वजह से उन्हें पार्टी और परिवार से निकाला गया है।

tej pratap yadav- India TV Hindi
तेज प्रताप यादव की वायरल तस्वीर (बाएं) लालू यादव के साथ तेज प्रताप (दाएं) Image Source : PTI

राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी से निकाल दिया है। तेज प्रताप को छह साल के लिए पार्टी से निकाला गया है। हाल ही में तेज प्रताप यादव की एक तस्वीर उनके फेसबुक अकाउंट से शेयर की गई थी। इस तस्वीर में वह एक महिला के साथ नजर आ रहे थे। इसके साथ ही लिखा गया था कि दोनों 12 साल से रिलेशन में हैं। हालांकि, कुछ समय बाद तेज प्रताप ने कहा कि उनका अकाउंट हैक हुआ है और उन्हें बदनाम करने के लिए यह सब किया जा रहा है। उन्होंने फोटो को भी फेक करार दिया था और कहा था कि इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से बनाया गया है।

लालू यादव ने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी से निकालने की जानकारी देते हुए लिखा "निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमजोर करता है। ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है। अतएव उपरोक्त परिस्थितियों के चलते उसे पार्टी और परिवार से दूर करता हूं। अब से पार्टी और परिवार में उसकी किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी। उसे पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है। अपने निजी जीवन का भला -बुरा और गुण-दोष देखने में वह स्वयं सक्षम है। उससे जो भी लोग संबंध रखेंगे वो स्वविवेक से निर्णय लें। लोकजीवन में लोकलाज का सदैव हिमायती रहा हूं। परिवार के आज्ञाकारी सदस्यों ने सावर्जनिक जीवन में इसी विचार को अंगीकार कर अनुसरण किया है। धन्यवाद।"

तेज प्रताप के फेसबुक पोस्ट से मचा बवाल

शनिवार शाम को तेज प्रताप यादव ने अपने फेसबुक अकाउंट पर अपने साथ लड़की का फोटो शेयर कर एक पोस्ट लिखी थी। इस पर उन्होंने लिखा, 'मैं तेज प्रताप यादव और मेरे साथ इस तस्वीर में जो दिख रही हैं उनका नाम अनुष्का यादव है! हम दोनों पिछले 12 सालों से एक दूसरे को जानते हैं। प्यार भी करते हैं। हम लोग पिछले 12 सालों से रिलेशनशिप में रह रहें हैं। मैं बहुत दिनों से आप लोगों से यह बात कहना चाहता था, पर समझ नहीं आ रहा था कैसे कहूं? इसलिए आज इस पोस्ट के माध्यम से अपने दिल का बात आप सब के बीच रख रहा हूं। आशा करता हूं, आप लोग मेरी बातों को समझेंगे।'

Tej pratap yadav
Image Source : FB/TRJPRATAPतेज प्रताप यादव का पोस्ट (इसे फेक बताया गया)

बिहार में इसी साल होने हैं चुनाव

बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले लालू के परिवार में यह उथल-पुथल चुनाव में मुद्दा बन सकती है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस घटना का चुनाव पर बड़ा असर पड़ेगा। तेज प्रताप के फेसबुक पोस्ट के बाद उनकी कई तस्वीरें वायरल हुई थीं, जिनकी पुष्टि नहीं की गई। हालांकि, कहा गया कि ये तस्वीरें तेज प्रताप और अनुष्का की हैं। इसके बाद लोगों ने पूछा था कि जब तेज प्रताप अनुष्का के साथ रिलेशन में थे तो उन्होंने ऐश्वर्या का जीवन क्यों खराब किया। इस बीच लालू का तेज प्रताप को पार्टी से निकालना डैमेज कंट्रोल की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।