शराबबंदी वाले बिहार में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अगमकुआं थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक महिला को 740 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद ब्राउन शुगर को 1,002 पीस में रखा गया था। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क में खलबली मच गई है।
भूतनाथ मेट्रो स्टेशन के पास ब्राउन शुगर लेकर जा रही थी महिला
वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक, पटना शैलजा के पर्यवेक्षण में मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 7 अक्टूबर 2026 को अगमकुआं थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि भूतनाथ मेट्रो स्टेशन के पास एक महिला अपने झोले में ब्राउन शुगर लेकर जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में और अगमकुआं थानाध्यक्ष के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भूतनाथ मेट्रो स्टेशन के पास घेराबंदी कर छापेमारी की।
1,002 पीस ब्राउन शुगर किया गया जब्त
पुलिस टीम को देखते ही महिला ने वहां से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने सक्रियता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान महिला के पास मौजूद झोले से कागज में लपेटकर रखा गया मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार झोले से 1,002 पीस ब्राउन शुगर, जिसका कुल वजन करीब 740 ग्राम है, बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त करने के साथ ही महिला को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में जुटी पुलिस
इतनी बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद होने के बाद पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि महिला के पास यह मादक पदार्थ कहां से पहुंचा था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस संभावित सप्लायर और इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। इस मामले में अगमकुआं थाना में कांड दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार महिला से पूछताछ के साथ-साथ पुलिस बरामद मादक पदार्थ के स्रोत और इसके संभावित खरीदारों की जानकारी जुटा रही है।
शराबबंदी वाले बिहार में जहां शराब की बिक्री और सेवन पर कानूनी प्रतिबंध है, वहीं दूसरी ओर ब्राउन शुगर जैसे खतरनाक मादक पदार्थों की बरामदगी पुलिस के लिए भी गंभीर चुनौती है। पटना पुलिस लगातार मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान चला रही है।
पटना से बिट्टू कुमार की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें-
नोटों के बंडल, सोने के गहने और चांदी के सिक्के; छापे में इंजीनियर के पास मिला 'कुबेर का खजाना'