1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बेटे की मौत बर्दाश्त नहीं कर सकी मां, जलती चिता पर लगा दी छलांग; रात के अंधेरे में पहुंची थी श्मशान

बेटे की मौत बर्दाश्त नहीं कर सकी मां, जलती चिता पर लगा दी छलांग; रात के अंधेरे में पहुंची थी श्मशान

 Published : Nov 08, 2023 11:31 am IST,  Updated : Nov 08, 2023 11:31 am IST

महिला के बेटे ने किसी कारणवश गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से घर में कोहराम मच गया। दोपहर बाद शव का दाह संस्कार कर सभी लोग वापस लौट आए। अभी शव पूरी तरह जल भी नहीं पाया था कि महिला किसी तरह घर से निकलकर श्मशान घाट पहुंच गई।

Mother jumped on the funeral pyre of his son  - India TV Hindi
बेटे के वियोग में मां ने चिता पर छलांग लगा दी (प्रतिकात्मक तस्वीर) Image Source : FILE PHOTO

मधेपुरा: बिहार के मधेपुरा जिला के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में एक मां अपने पुत्र का वियोग नहीं सहन कर सकी और उसकी जलती चिता में छलांग लगा दी। हालांकि ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बचा लिया, लेकिन वह बुरी तरह झुलस गई।

बेटे ने लगाई थी फांसी

मामला सुखासन पंचायत स्थित शिवदयालपुर का है। यहां सोमवार की रात सिकेन्द्र यादव के पुत्र करण ने किसी कारणवश गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार को सुबह इस घटना से कोहराम मच गया। दोपहर बाद शव का दाह संस्कार कर सभी लोग वापस लौट आए। अभी शव पूरी तरह जल भी नहीं पाया था कि करण की मां किसी तरह घर से निकलकर श्मशान घाट पहुंच गई। इस बीच, हालांकि गांव के कुछ लोगों ने उसे देख लिया और वे भी उसके पीछे चल दिए।

गंभीर रूप से झुलसी महिला

महिला ने घाट पर अपने बेटे की जलती चिता को देखा और चिता में ही छलांग लगा दी। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे काफी मशक्कत से चिता से खींच कर निकाला। इसके बाद आनन-फानन में उसे लेकर अस्पताल गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि महिला 60 प्रतिशत से अधिक जल गई है, स्थिति गंभीर है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।