सारणः बिहार में पहले चरण के वोटिंग के बीच कुछ जगहों पर हिंसा की खबरें आईं। जहां सीपीआई उम्मीदवार और निर्वतमान विधायक सत्येंद्र कुमार के वाहन पर हमला हुआ। बताया जा रहा है कि सारण के मांझी विधानसभा से क्षेत्र के जैतपुर हाई स्कूल पर बने बूथ पर महागठबंधन के प्रत्याशी सत्येंद्र यादव बूथ पर अपने समर्थको के साथ पहुंचे थे। तभी कुछ लोग सत्येंद्र यादव की गाड़ी पर हमला कर दिया। इससे कार के शीशे टूट गए। आरोप है कि विधायक के साथ मारपीट भी हुई। इसकी सूचना सत्येंद्र यादव ने दाऊदपुर पुलिस थाने को दी।
Related Stories
विधायक बोले- मेरे ऊपर हमला हुआ
मांझी विधानसभा से महागठबंधन के प्रत्याशी डॉक्टर सत्येंद्र यादव ने कहा है कि उनके ऊपर हमला हुआ है। हमले का वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि एक कार के शीशे बुरी तरह से टूटे हुए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर हमला
वहीं, बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि उनके विधानसभा क्षेत्र लखीसराय में राजद समर्थकों ने उनके काफिले पर हमला किया। इसके बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। ज्ञानेश कुमार ने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सीईसी ने पुलिस महानिदेशक को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। निर्वाचन आयोग (ईसी) ने सभी मतदाताओं से बिना किसी डर के वोट डालने का अनुरोध किया है।
भाई वीरेंद्र ने प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाया
वहीं, मनेर विधानसभा क्षेत्र के महीनावा बूथ संख्या 79 पर अपनी पत्नी के साथ वोट देने पहुंचे राजद विधायक ने मतदान केंद्र के मुख्य द्वार पर पर्चा जांच कर रहे एक सुरक्षाकर्मी पर पक्षपात का आरोप लगाया। विधायक भाई वीरेंद्र यहीं नहीं रुके। उन्होंने सुरक्षा कर्मी को देख लेने तक की धमकी दे डाली। इस बाबत जब राजद विधायक भाई बीरेंद्र से पूछा गया तो भाई वीरेंद्र ने कहा कि बिहार में महागठबंधन की लहर है। जनता सरकार बदलने के लिए तैयार है।
रिपोर्ट- बिपिन, छपरा