बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के तहत पहले चरण की वोटिंग गुरुवार 6 नवंबर को हो रही है। पहले चरण में राज्य की 121 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इनमें तेजस्वी यादव, सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा जैसे कई दिग्गजों की सीटें भी शामिल हैं। चुनाव में बिहार के पूर्व सीएम और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी और पूर्व सीएम राबड़ी देवी, राजद नेता और महागठबंधन के सीएम चेहरे तेजस्वी यादव, उनकी पत्नी राजश्री यादव, राजद नेता मीसा भारती और रोहिणी आचार्य ने भी वोटिंग की है। वोटिंग के बाद राबड़ी देवी ने मीडिया से अपने दोनों बेटों तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव को लेकर बातचीत की है।
बदलाव होगा...लोग करेंगे- राबड़ी देवी
बिहार चुनाव 2025 के तहत पहले चरण का मतदान जारी है। राजद नेता और पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने बिहार वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। राबड़ी देवी कहती हैं, "मैं महिलाओं, युवाओं से अपील करती हूं कि वे घर से बाहर निकलें और वोट डालें। बदलाव होगा...लोग करेंगे।" राबड़ी देवी ने कहा, "घर से बाहर निकलें, मतदान केंद्रों पर जाएं और वोट करें। वोट देने के अपने अधिकार को समझें।"
मैं उन दोनों की मां हूं- राबड़ी देवी
पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने कहा, "मैं बिहार के लोगों से अपील करती हूं कि वे बाहर आएं और मतदान करें, और अपने अधिकार को न भूलें... मेरी शुभकामनाएं मेरे दोनों बेटों के साथ हैं, उनकी मां के रूप में उन्हें मेरा आशीर्वाद है।" वोट देने पहुंचीं पूर्व सीएम और राजद नेता राबड़ी देवी ने कहा, "मेरे दोनों बेटों को मेरी शुभकामनाएं। वे अपने पैरों पर खड़े होकर चुनाव लड़ रहे हैं। मैं उन दोनों की मां हूं। दोनों को शुभकामनाएं।"
बता दें कि कुछ ही समय पहले लालू यादव ने तेज प्रताप को राजद पार्टी और परिवार से बाहर निकाल दिया था। इसके बाद तेज प्रताप ने नई पार्टी जनशक्ति जनता दल का गठन किया। तेज प्रताप खुद महुआ सीट से चुनाव लड़ रहे हैं और कई अन्य सीटों पर भी अपने उम्मीदवारों को चुनाव लड़ा रहे हैं। वहीं, राजद के नेता तेजस्वी यादव राघोपुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
"तवा से रोटी पलटती रहनी चाहिए, नहीं तो जल जाएगी", वोट डालने के बाद लालू यादव का ट्वीट