1. Hindi News
  2. बिहार
  3. महज दो सेकेंड में हुई मौत, हल्की सी चूक पड़ी जिंदगी पर भारी; सामने आया CCTV फुटेज

महज दो सेकेंड में हुई मौत, हल्की सी चूक पड़ी जिंदगी पर भारी; सामने आया CCTV फुटेज

 Edited By: Amar Deep
 Published : May 24, 2025 11:53 am IST,  Updated : May 24, 2025 11:53 am IST

बिहार के बेगूसराय जिले में दर्दनाक एक्सीडेंट का मामला सामने आया है। यहां एक ट्रैक्टर से टकरा कर बाइक सवार की मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

सड़क हादसे में हुई मौत।- India TV Hindi
सड़क हादसे में हुई मौत। Image Source : INDIA TV

बेगूसराय: सरकार की ओर से सड़क सुरक्षा को लेकर कई तरह के जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाते हैं, सड़क सुरक्षा पखवाड़ा भी मनाया जाता है। इन सब के बावजूद सड़क हादसे कम होने का नाम नहीं ले रहा। ताजा मामला बेगूसराय जिले से सामने आया है, जहां बाइक और ट्रैक्टर की टक्कर में बाइक सवार  युवक की मौत हो गई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि छोटी सी चूक की वजह से बाइक सवार की सिर्फ दो सेकेंड में ही मौत हो जाती है।

NH-31 पर हुआ हादसा

सड़क हादसे की यह घटना सिंघौल थाना क्षेत्र से गुजरने वाले NH-31 फोरलेन पर हुई। मृतक की पहचान बछवाड़ा थाना क्षेत्र के चमथा निवासी उमेश प्रसाद सिंह के 30 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार उर्फ केशव के रूप में की गई है। वह कॉन्ट्रैक्टर का काम करता था। इसी सिलसिले में वह अपने घर से मोटरसाइकिल से बेगूसराय के लिए चला था।

सीसीटीवी फुटेज आया सामने

घटना के बाद इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि ट्रैक्टर आगे जा रहा था। तभी बाइक सवार युवक साइड से निकालने के चक्कर में ट्रैक्टर से टकराया और फिर रोड पर गिर गया। आसपास से लोग गुजरते रहे, लेकिन किसी ने उस पर ध्यान नहीं दिया। थोड़ी देर बाद लोग मौके पर पहुंचे और उसे उठाकर अस्पताल ले गए। हालांकि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी पहुंची। पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। वहीं हादसे के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का कहना है कि अभिषेक कुमार उर्फ केशव अपने घर चमथा से बेगूसराय के लिए निकला था। इसी दौरान रास्ते में हादसा हो गया। घटना के थोड़ी देर बाद स्थानीय लोगों की मदद से केशव को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत बताया। (इनपुट- संतोष श्रीवास्तव)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।