बिहार के शिवहर जिले के तरियानी छपरा थाना क्षेत्र के सिरहा टोला गांव में रविवार को एक हृदय विदारक हादसा हो गया। यहां घरेलू गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई जिससे गाँव में अफरा तफरी मच गयी। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि आसपास के आठ घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं दो की हालत नाजुक बनी हुई है। आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक घर में अचानक सिलेंडर में तेज धमाका हुआ और आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। आग इतनी भयावह थी कि लोगों को घर से सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। सूचना मिलने पर दमकल की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। फिलहाल प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा है।

गांव में मच गई अफरा तफरी
सिरहा टोला गांव में घरेलू गैस सिलेंडर फटने से अनाज, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन व नकदी समेत गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। वही घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए कई लोगों को घरों से बाहर निकाला और तुरंत पुलिस व अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
दो घायलों की स्थिति चिंताजनक
ग्रामीणों के सहयोग से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सभी घायलों को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार दो घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम अविनाश कुणाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडर फटने से आठ घर जल गए और छह लोग झुलस गए हैं, जिनमें दो गंभीर रूप से घायल हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
उन्होंने आगे कहा कि अग्नि पीड़ित परिवारों को नियमानुसार तत्काल अनुदान मुहैया कराया जाएगा। राजस्व कर्मियों को क्षति का आकलन करने का निर्देश दिया गया है। फिलहाल पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को विवश हैं। प्रशासन की ओर से उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया गया है।
(शिवहर से समीर कुमार झा की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें-
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले में चंपत राय का बयान दर्ज, अभी बचे हैं अनिल मिश्रा और गोपाल राव