1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना के राजेंद्र नगर रेलवे कोचिंग कॉम्प्लेक्स में भीषण आग, 6 घंटे बाद पाया गया काबू

पटना के राजेंद्र नगर रेलवे कोचिंग कॉम्प्लेक्स में भीषण आग, 6 घंटे बाद पाया गया काबू

 Published : Jul 12, 2026 12:53 pm IST,  Updated : Jul 12, 2026 03:10 pm IST

बिहार की राजधानी पटना के राजेंद्र नगर के रेलवे कोचिंग कॉम्प्लेक्स में रविवार की सुबह भीषण आग लग गयी। दमकल की 15 से गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगभग 6 घंटे के बाद आग पर काबू पाया गया।

पटना रेलवे कोचिंग कॉम्प्लेक्स आग- India TV Hindi
पटना रेलवे कोचिंग कॉम्प्लेक्स आग Image Source : INDIA TV

बिहार की राजधानी पटना के राजेंद्र नगर के रेलवे कोचिंग कॉम्प्लेक्स में 12 जुलाई 2026 दिन रविवार सुबह भीषण आग लग गयी। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते उसने भवन के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की 15 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और 6 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

कोचिंग कॉम्प्लेक्स से धुआं और आग की लपटें 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह कोचिंग कॉम्प्लेक्स से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, आसपास के कई थानों की पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड के अधिकारी मौके पर पहुंचे। आग की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड के तीनों डिवीजन से अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाया। दमकल कर्मियों ने लगातार कई घंटों तक अभियान चलाकर आग को अन्य इमारतों तक फैलने से रोका।

रेलवे के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलने पर रेलवे के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। आग लगने के कारण आसपास के इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र को घेरकर लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।

दमकल विभाग की 15 से ज्यादा गाड़ियां थीं मौके पर मौजूद 

फायर ब्रिगेड के अधिकारी गया सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना सुबह 4 बजे मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 15 से अधिक गाड़ियों को मौके पर भेजी। सभी टीमों के संयुक्त प्रयास से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रथम आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

इस मामले को लेकर राजेंद्र नगर जीआरपी प्रभारी दीप नारायण यादव ने बताया कि रेलवे यार्ड के बगल में पावर ग्रिड में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि इससे रेलवे के केवल और एक ट्रांसफार्मर को नुकसान पहुंचा है। अभी कुछ दिन पहले पटना के दीदारगंज क्षेत्र में एक गोदाम में भीषण आग लग गई है जिसमें लाखों रुपये का नुकसान हो चुका था। 

(पटना से बिट्टू कुमार की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें

पटना में लाइनमैन की मौत के बाद सड़क जाम और आगजनी, परिजनों ने लगाया पीट-पीटकर हत्या का आरोप

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।