1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुंगेर में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, पाक नेटवर्क से जुड़ा सद्दाम गिरफ्तार, 'राणा भाई' के इशारे पर रच रहा था साजिश

मुंगेर में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, पाक नेटवर्क से जुड़ा सद्दाम गिरफ्तार, 'राणा भाई' के इशारे पर रच रहा था साजिश

 Published : Jul 06, 2026 11:45 pm IST,  Updated : Jul 06, 2026 11:45 pm IST

पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए सीमा पार के संदिग्ध सिंडिकेट से जुड़े एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी पिछले कुछ वर्षों से मुंबई में रह रहा था, जहां वह सीधे तौर पर पाकिस्तानी गैंगस्टर 'राणा भाई' के संपर्क में आया।

Terrorist, arrest- India TV Hindi
पाक नेटवर्क से जुड़ा सद्दाम गिरफ्तार Image Source : REPORTER INPUT

मुंगेर: मुंगेर जिले की पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार के एक संदिग्ध नेटवर्क से जुड़े युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तानी गैंगस्टर 'राणा भाई' के सीधे संपर्क में था। वह अपने दो अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहा था। सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील माने जा रहे इस मामले की जांच में अब केंद्रीय जांच और सुरक्षा एजेंसियों को भी शामिल कर लिया गया है।

देर रात छापेमारी में आरोपी को दबोचा

जानकारी के मुताबिक मुंगेर के तारापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मिलिक थानपुर गांव में पुलिस को एक खुफिया सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने देर रात गांव में घेराबंदी कर छापेमारी की और मोहम्मद सद्दाम नाम के युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की और पास की झाड़ियों में एक देसी पिस्तौल छिपा दी, जिसे पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए बरामद कर लिया। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

'राणा भाई' के नेटवर्क से जुड़े तार

आरोपी से पूछताछ में बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी मोहम्मद सद्दाम पिछले दो-तीन वर्षों से मुंबई में रह रहा था। वहीं पर वह सीमा पार के संदिग्ध नेटवर्क और 'राणा भाई' नामक शख्स के संपर्क में आया था। पुलिस जांच में आरोपी के मोबाइल फोन से कई पाकिस्तानी नंबर और सोशल मीडिया के जरिए इस संदिग्ध नेटवर्क से जुड़े होने के पुख्ता और अहम सुराग मिले हैं।

बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

शुरुआती जांच के  मुताबिक, सद्दाम अपने दो सहयोगियों के साथ मिलकर किसी बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने के फिराक में था। फिलहाल उसके दोनों सहयोगी फरार हैं। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। मुंगेर पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 113(3)(5) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।

केंद्रीय एजेंसियां भी करेंगी जांच

मुंगेर पुलिस ने इस मामले को काफी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लिया है और हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। सीनियर अधिकारियों और अन्य केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी शुरुआती दौर में है और मोबाइल से मिले डेटा व अन्य तथ्यों का बारीकी से वेरिफिकेशन किया जा रहा है ताकि इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जा सके।

रिपोर्ट- मो, इम्तियाज खान, मुंगेर

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।