1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 'होगा थानेदार तू, मेरा है दिलदार तू...गाने पर वर्दी में रील बनाकर बुरे फंसे थाना प्रभारी, मांगा गया स्पष्टीकरण

'होगा थानेदार तू, मेरा है दिलदार तू...गाने पर वर्दी में रील बनाकर बुरे फंसे थाना प्रभारी, मांगा गया स्पष्टीकरण

 Published : Jun 08, 2026 01:27 pm IST,  Updated : Jun 08, 2026 03:15 pm IST

बिहार पुलिस के सख्त निर्देश के बावजूद मुजफ्फरपुर के गायघाट पुलिस चौकी के एक थाना प्रभारी का वर्दी में रील वीडियो वायरल हुआ है। जिसे देखते है पुलिस महकमे में खलबली मच गई।

वर्दी में रील बनकर बुरे फंसे थाना प्रभारी- India TV Hindi
वर्दी में रील बनकर बुरे फंसे थाना प्रभारी Image Source : INDIA TV

बिहार पुलिस मुख्यालय के कड़े निर्देशों के बावजूद पुलिसकर्मियों का सोशल मीडिया पर रील प्रेम थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब नया मामला मुजफ्फरपुर जिले से सामने आया है। गायघाट पुलिस चौकी के थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने वर्दी में रील बनाकर सोशल मेडियर पर शेयर किया था। थाना प्रभारी का अपनी पत्नी और बच्ची के साथ पुलिस वर्दी में बनाया गया यह रील सोशल मीडिया पर देखते ही देखते तेजी से वायरल हो गया। मामला सामने आने के बाद जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए कड़ी नाराजगी जताई है और थानाध्यक्ष से जवाब-तलब किया है।

मॉल में बनाया गया रील

बता दें, वायरल वीडियो मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा इलाके के एक मॉल का बताया जा रहा है। वीडियो में गायघाट के थानेदार राकेश कुमार अपनी पत्नी और बेटी के साथ नजर आ रहे हैं। बैकग्राउंड में मशहूर फिल्मी गाना "होगा थानेदार तू, मेरा है दिलदार तू, वर्दी का तू रौब जमा ले..." बज रहा है, जिस पर थानाध्यक्ष अभिनय करते दिख रहे हैं। इस रील वीडियो में उनके साथ एक सुरक्षा गार्ड भी हाथ में हथियार लिए चलता हुआ दिखाई दे रहा है।

विभाग ने लिया संज्ञान

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए थाना अध्यक्ष से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। अब देखना होगा कि इस मामले में मुजफ्फरपुर पुलिस कप्तान (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।

ड्यूटी के दौरान रील नहीं बनाने का निर्देश हुआ है जारी

गौरतलब है कि बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से पहले ही यह सख्त निर्देश जारी किया जा चुका है कि कोई भी पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान या पुलिस वर्दी में सोशल मीडिया के लिए रील, वीडियो नहीं बनाएगा। इसके बावजूद गायघाट थाना प्रभारी द्वारा बनाया गया है।

उठ रहे हैं कई सवाल

मुजफ्फरपुर जिले में लगातार बढ़ती अपराध की घटनाओं और कानून-व्यवस्था की चुनौतियों के बीच थानेदार का यह फिल्मी अंदाज अब आम लोगों और सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जहां एक तरफ पुलिस पर अपराधियों को पकड़ने का दबाव है, वहीं दूसरी तरफ थाना प्रभारी मॉल में वर्दी पहनकर रील्स बनाने में व्यस्त हैं। 

(मुजफ्फरपुर बिहार से संजीव कुमार की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

मुजफ्फरपुर आईसीयू अग्निकांड के बाद एक्शन में प्रशासन, 13 प्राइवेट नर्सिंग होल सील

खान सर के कोचिंग संस्थान में हो रही सुरक्षा नियमों की अनदेखी, लग सकता है ताला, सामने आया DIG का बयान

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।