1. Hindi News
  2. बिहार
  3. VIDEO: आम लदा पिकअप पलटने के बाद कारोबारी दंपति सड़क पर तड़पते रहे, लोग लूटते रहे आम; पति की मौत

VIDEO: आम लदा पिकअप पलटने के बाद कारोबारी दंपति सड़क पर तड़पते रहे, लोग लूटते रहे आम; पति की मौत

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 15, 2026 04:57 pm IST,  Updated : Jun 15, 2026 05:03 pm IST

मुजफ्फरपुर में आम से लदा एक पिकअप वैन बेकाबू होकर पलट गई, जिसमें कारोबारी दंपति सवार थे। दोनों सड़क पर लहूलुहान होकर तड़परते रहे। लेकिन लोग दंपति को उठाने के बजाय आम लूटने में लगे रहे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पिकअप पलटने के बाद आम लूटते लोग- India TV Hindi
पिकअप पलटने के बाद आम लूटते लोग Image Source : REPORTER INPUT

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां एक सड़क हादसे के बाद लोगों की संवेदनहीनता की सारी हदें पार हो गईं। गायघाट थाना क्षेत्र के हनुमान नगर चौक स्थित NH-27 पर आम से लदी एक पिकअप वैन बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में आम कारोबारी दंपति गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पते रहे, लेकिन मौके पर मौजूद भीड़ उनकी मदद करने बजाय सड़क पर बिखरे आम लूटने में मशगूल रही। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

क्या है पूरा मामला?

घटना बीते शुक्रवार की है। मधुबनी जिले के निर्मली थाना क्षेत्र के रहने वाले 40 वर्षीय अजय पासवान अपनी पत्नी संतरा देवी के साथ पश्चिम बंगाल से आम की खेप लादकर मुजफ्फरपुर आ रहे थे। जैसे ही उनकी पिकअप वैन गायघाट के हनुमान नगर चौक के पास पहुंची, गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई और पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

तड़पते रहे घायल, लोग लूटते रहे आम

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद पिकअप में लदे सैकड़ों किलो आम सड़क पर बिखर गए। गाड़ी पलटने की आवाज सुनकर भारी संख्या में स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर जमा हो गए। लेकिन, लहूलुहान और दर्द से कराह रहे दंपति को उठाने के बजाय लोगों ने आम लूटना शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला हो या पुरुष, हर कोई झोले और हाथों में आम बटोरने में व्यस्त है। कुछ लोग आम लेकर मौके से भागते भी नजर आए।

कारोबारी की मौत, पत्नी की हालत गंभीर

घटना की जानकारी मिलने के बाद गायघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को हटाया और दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अत्यधिक खून बह जाने के कारण इलाज के दौरान आम कारोबारी अजय पासवान की  मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी संतरा देवी की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

मामले की पुष्टि करते हुए गायघाट थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया, "शुक्रवार को बंगाल से आम लेकर आ रही एक पिकअप वैन हनुमान नगर चौक के समीप पलट गई थी। इस हादसे में पिकअप सवार आम कारोबारी पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को अस्पताल भेजा गया था, जहां इलाज के दौरान पति- अजय पासवान की मौत हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।"

(रिपोर्ट- संजीव कुमार)

ये भी पढ़ें-

IMD Weather Update: दिल्ली-UP समेत इन राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, अगले 7 दिन कैसा रहेगा आपके राज्य का मौसम?

'फैजल खान मेरी भी हत्या करवा सकता है', जेल से निकलने के बाद रौशन आनंद ने खान सर पर लगाए गंभीर आरोप

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।