1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 28 महीने में लापता युवक को नहीं ढूंढ़ पाई पुलिस, पिता थाने गए तो कहा- '2 किलो लहसुन और 500 रुपये लाओ तो कुछ करेंगे'

28 महीने में लापता युवक को नहीं ढूंढ़ पाई पुलिस, पिता थाने गए तो कहा- '2 किलो लहसुन और 500 रुपये लाओ तो कुछ करेंगे'

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Mar 23, 2025 09:40 pm IST,  Updated : Mar 23, 2025 09:40 pm IST

लापता लड़के के पिता जब भी थाने जाते तो उन्हें डांटकर भगा दिया जाता। एक दिन एक पुलिसकर्मी ने उनसे कहा कि दो किलो लहसुन और 500 रुपये लेकर आओ तो कार्रवाई करेंगे।

lost boy parents- India TV Hindi
लापता लड़के के माता-पिता Image Source : INDIA TV

बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस ने एक लापता लड़के को ढूंढ़ने के बदले उसके पिता से दो किलो लहसुन और 500 रुपयों की मांग की है। मामला मीनापुर थाना क्षेत्र का है। यहां पिपराहां गांव से 5 दिसंबर 2022 को लापता हुए युवक का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। मामले के संबंध में मीनापुर थाना में कांड संख्या - 625/22 दर्ज है, लेकिन पुलिस के द्वारा अब तक मामले में किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की गई है। 

लापता लड़के के पिता योगेंद्र भगत ने बताया कि उनका एकलौता पुत्र अजीत कुमार 5 दिसंबर 2022 को घर से सुबह करीब 5 बजे शहर के लिए निकला, जो आज तक वापस नहीं आया। मामले की सूचना पानापुर ओपी को दी गई, उसके बाद मीनापुर थाना में कांड संख्या - 625/22  दर्ज की गई, लेकिन आज तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। जब भी वह थाने पर जाते हैं, तो पुलिस पदाधिकारी गाली देकर व डांट फटकार कर वहां से भगा देते हैं। थाने के दरोगा ने कहा कि 2 किलो लहसुन और 500 रुपए लेकर आओ, तभी मामले में कार्रवाई की जायेगी। 

लहसुन नहीं मिलने पर नहीं की कार्रवाई

लापता लड़के के पिता ने कहा कि उनके घर में 50 ग्राम भी लहसुन नहीं है, तब वह 2 किलो लहसुन कैसे दे सकते हैं। 2 किलो लहसुन और 500 रुपये नहीं मिलने पर दरोगा ने मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। इस पूरे मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने मानवाधिकार मामलों के जानकार अधिवक्ता एस. के. झा के माध्यम से बिहार मानवाधिकार आयोग एवं राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में दो अलग-अलग याचिका दाखिल की हैं। 

सीआईडी जांच की मांग

मानवाधिकार अधिवक्ता एस. के. झा ने बताया कि यह पूरा मामला काफी पेचीदा है। इसको सुलझाने के बजाय पुलिस उलझाने का काम कर रही है। मामले में पुलिस को उच्चस्तरीय जांच करनी चाहिए, लेकिन पुलिस इसे लहसुन और रुपये के बीच उलझा रही है और मामले को रफा-दफा करने में लगी हैं। ऐसे मामले में सीआईडी जांच की जरूरत है।

बाइट-सुबोध कुमार झा,अधिबक्ता

(मुजफ्फरपुर से संजीव कुमार की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।