1. Hindi News
  2. बिहार
  3. नीतीश कुमार ने राज्यपाल से की मुलाकात, 19 नवंबर को भंग होगी विधानसभा

नीतीश कुमार ने राज्यपाल से की मुलाकात, 19 नवंबर को भंग होगी विधानसभा

 Reported By: Nitish Chandra Edited By: Amar Deep
 Published : Nov 17, 2025 12:10 pm IST,  Updated : Nov 17, 2025 12:48 pm IST

बिहार में विधानसभा चुनाव में एनडीए को बहुमत मिलने के बाद अब नई सरकार के गठन की तैयारी तेज हो गई है। इसी क्रम में नीतीश कुमार आज राजभवन पहुंचे। यहां उन्होंने गवर्नर से मुलाकात की।

नीतीश कुमार ने राज्यपाल से की मुलाकात।- India TV Hindi
नीतीश कुमार ने राज्यपाल से की मुलाकात। Image Source : PTI

पटना: बिहार में नई सरकार बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को राजभवन में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की। जेडीयू नेता विजय चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से मुलाकात कर तीन प्रस्ताव रखे हैं। पहला प्रस्ताव- 19 तारीख के प्रभाव से वर्तमान विधानसभा का विघटन किया जाए। दूसरा प्रस्ताव- पूरे कार्यकाल में बिहार के सभी पदाधिकारियों और कर्मियों ने जो सहयोग दिया है इसके लिए मुख्य सचिव के साथ बिहार के तमान पदाधिकारियों की सराहना की गई है। तीसरा प्रस्ताव- वर्तमान चुनाव जो सम्पन्न हुआ है, उसमें जो नीतीश के नेतृत्व में एनडीए को सफलता मिली है, उसके लिए तमाम मंत्रियों ने मुख्यमंत्री को बधाई दी है और मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया है।

सीएम ने राज्यपाल से की मुलाकात

दरअसल, आज ही निवर्तमान मंत्रिमंडल की अंतिम बैठक भी बुलाई गई। नीतीश कुमार ने इस कैबिनेट की अध्यक्षता की। कैबिनेट बैठक के बाद नीतीश कुमार राजभवन पहुंचे और राज्यपाल से मुलाकात की। इसके बाद नीतीश कुमार राजभवन से निकले और सीधे मुख्यमंत्री आवास के अंदर चले गए। बता दें कि कल बीजेपी और जेडीयू के विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इसपर सभी दलों की सहमति भी बन गई है। सूत्रों के मुताबिक 20 नवंबर को बिहार में शपथ ग्रहण समारोह होना है। 

एनडीए को 202 सीटों पर मिली जीत

बता दें कि बिहार में दो चरणों में हुए विधानसभा चुनावों में एनडीए ने 202 सीटें हासिल कर शानदार जीत दर्ज की है। इस पर भाजपा 89 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। जदयू ने भी 2020 के चुनावों से बेहतर प्रदर्शन करते हुए 85 सीटें जीतीं। लोजपा-रालोद, हम (एस) और रालोद ने क्रमशः 19, 5 और 4 सीटें जीतीं।

किस पार्टी के होंगे कितने मंत्री

वहीं विधायकों की संख्या के अनुसार ही दलों के मंत्रियों की संख्या भी तय की जाएगी। इसके अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 15-16 मंत्री पद और जदयू को 14 मंत्री पद मिलेंगे। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को तीन मंत्री पद मिलेंगे। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के नेतृत्व वाली हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) को एक-एक मंत्री पद मिल सकता है।

यह भी पढ़ें-

'किसने ऐसा संस्कार दिया...?' लालू परिवार में जारी विवाद पर भड़के साधु यादव, कहा- तेजस्वी ने अहंकार पाल लिया

लालू परिवार में फूट पर आया सहयोगी मुकेश सहनी का बयान, बोले- 'अगर हार होती है तो किसी एक व्यक्ति पर...'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।