Highlights
- नीतीश कुमार ने विकास की रफ्तार बनाए रखने के लिए NDA उम्मीदवार को जिताने की अपील की।
- बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने नीरज कुमार सिन्हा को समर्पित कार्यकर्ता बताते हुए समर्थन मांगा।
- बांकीपुर उपचुनाव के तहत 30 जुलाई को है मतदान, 3 अगस्त को होगी मतगणना।
पटना: बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान में अब कुछ ही दिन बाकी हैं। ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल (यूनाइटेड) के सांसद नीतीश कुमार ने सोमवार को मतदाताओं से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी कि NDA के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में मतदान करने की अपील की है। एक वीडियो संदेश में नीतीश कुमार ने कहा कि पिछले 2 दशकों में जनता के भरोसे, सहयोग और आशीर्वाद से उनकी सरकार ने पूरी ईमानदारी के साथ न्याय के साथ सुशासन और विकास के लिए लगातार काम किया है।
'नीरज कुमार सिन्हा को अपना आशीर्वाद दें'
मतदाताओं को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने कहा, 'बिहार के विकास की इस गति को बनाए रखने और विकसित बिहार के संकल्प को पूरा करने के लिए आपका हर एक वोट बेहद महत्वपूर्ण है। मैं सभी मतदाताओं से आग्रह करता हूं कि वे NDA के युवा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को अपना आशीर्वाद दें और उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं।' बता दें कि बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होना है। इस सीट पर अपना परचम लहराने के लिए सत्तारूढ़ गठबंधन के साथ-साथ विपक्ष भी पूरी ताकत से मैदान में डटा हुआ है।
'सिन्हा की जीत नया कीर्तिमान बनाएगी'
वहीं, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी मतदाताओं से NDA उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में मतदान करने की अपील की। उन्होंने नीरज सिन्हा को पार्टी का समर्पित और जमीनी कार्यकर्ता बताया। नितिन नवीन ने कहा,
'30 जुलाई को जब NDA के कार्यकर्ता और समर्थक मतदान करने निकलेंगे, तो मुझे पूरा विश्वास है कि नीरज सिन्हा की जीत एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगी। आज मैं आपके बीच ऐसे उम्मीदवार को लेकर आया हूं, जो बीजेपी का एक साधारण कार्यकर्ता रहा है। उन्होंने बूथ अध्यक्ष के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की, मंडल अध्यक्ष के रूप में काम किया और आज BJP और NDA गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में हैं।'
3 अगस्त को होगी वोटों की गिनती
बता दें कि बांकीपुर विधानसभा सीट उस समय खाली हुई थी, जब यहां से लगातार 5 बार विधायक रहे नितिन नवीन लोकसभा के लिए निर्वाचित हो गए। ऐसे में 30 जुलाई को होने वाला यह उपचुनाव आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले शहरी बिहार में राजनीतिक दलों की ताकत का अहम परीक्षण माना जा रहा है। 2 जुलाई को भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की 3 विधानसभा सीटों, बांकीपुर, दतिया और मंजलपुर पर उपचुनाव की घोषणा की थी। इन तीनों सीटों पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें: 'बांकीपुर में वोटरों को प्रभावित करने के लिए जीविका दीदियों का इस्तेमाल कर रही है भाजपा', बोले प्रशांत किशोर