1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना में छात्रों का फूटा गुस्सा, डाकबंगला चौराहे पर पथराव और लाठीचार्ज, पुलिस की 2 गाड़ियां क्षतिग्रस्त

पटना में छात्रों का फूटा गुस्सा, डाकबंगला चौराहे पर पथराव और लाठीचार्ज, पुलिस की 2 गाड़ियां क्षतिग्रस्त

 Reported By: Nitish Chandra Written By: Niraj Kumar
 Published : Jul 22, 2026 05:34 pm IST,  Updated : Jul 22, 2026 06:36 pm IST

डाकबंगला चौराहा और उसके आसपास का इलाका बुधवार को रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। यहां जमकर पथराव हुए। डाकबंगला चौहारा ईंट पत्थरों से भर गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।

Patna- India TV Hindi
पटना में छात्रों का प्रदर्शन Image Source : PTI

Highlights

  • शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर पटना में प्रदर्शन
  • पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले, सड़कों पर बिछे ईंट-पत्थर
  • वाटर कैनन और लाठीचार्ज के बाद डाकबंगला चौराहे पर मची भगदड़

पटना: नीट पेपर लीक पर जहां दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन हो रहा है वहीं आज बिहार की राजधानी पटना में भी छात्रों के प्रदर्शन के दौराव जमकर बवाल हुआ। पटना के सबसे प्रमुख डाकबंगला चौराहा और आसपास का इलाका बुधवार को रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान  के इस्तीफे की मांग कर रहे प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, पानी की बौछारें कीं और लाठीचार्ज किया।  

पत्थरों-ईंटों से भर गया डाकबंगला चौराहा 

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के छात्र संगठन 'ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन' (आइसा) के बैनर तले छात्र नेताओं ने 'लोक भवन मार्च' निकाला था। इसका नेतृत्व भाकपा (माले) के विधायक और आइसा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव संदीप सौरभ कर रहे थे। राज्यपाल आवास (लोकभवन) की ओर बढ़ रहे छात्रों को जब पुलिस ने गांधी मैदान के पास रोकने की कोशिश की, तो हालात बेकाबू होने लगे। उग्र प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर जमकर पथराव किया, जिससे पूरा डाकबंगला चौराहा बड़े-बड़े पत्थरों और ईंटों से भर गया। इस हिंसा के दौरान पुलिस की दो गाड़ियां भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।  

रिपोर्टर्स और कैमरामैन के साथ मारपीट

वहीं इससे पहले प्रदर्शन के दौरान उस समय स्थिति और बिगड़ गई, जब छात्रों की भीड़ गांधी मैदान के पास पहुंची। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने कई समाचार चैनलों के रिपोर्टरों और कैमरामैन के साथ मारपीट की। वहीं, पीरबहोर थाना के थाना प्रभारी (एसएचओ) भी झड़प में घायल हो गए। बताया गया कि उनके सिर में चोट लगी है।

Student Protest
Image Source : PTIपटना में छात्रों का प्रदर्शन

छात्र नेता संदीप सौरभ ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "हम मोदी सरकार को उसकी जवाबदेही का अहसास कराने सड़कों पर उतरे हैं। जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन के दमन के बाद न केवल धर्मेंद्र प्रधान बल्कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी इस्तीफा देना चाहिए, क्योंकि दिल्ली पुलिस उन्हीं के निर्देश पर काम कर रही थी।"

हालात पर काबू पाने के लिए भारी फोर्स तैनात

 पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद इलाके में भारी तनाव फैला हुआ है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा है और इलाके में स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए भारी बल तैनात कर दिया है।  

ये भी पढ़ें:

पटना में प्रशांत किशोर के पार्टी दफ्तर पर इनकम टैक्स का छापा, करीबी रवि नारायण सिंह के होटल में भी पड़ी रेड

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।