कटिहार: बिहार के कटिहार में हुए सड़क हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार ने दुख जताया है। मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए पीएम मोदी और सीएम नीतीश दोनों ने मुआवजे का ऐलान किया है।
Related Stories
राष्ट्रपति ने जताया दुख
हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, "कटिहार, बिहार में सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मैं शोक-संतप्त परिवारजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं तथा प्रार्थना करती हूं कि घायल हुए सभी लोग शीघ्र स्वस्थ हों।"
पीएम मोदी ने क्या कहा?
पीएम मोदी ने कहा, "बिहार के कटिहार में हुई दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। अपनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। पीएमएनआरएफ की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।"
सीएम नीतीश कुमार ने क्या कहा?
सीएम नीतीश कुमार ने कहा, "कटिहार जिले के कोढा थाना क्षेत्र में भीषण सड़क दुर्घटना में हुई लोगों की मृत्यु दुःखद। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना है। मृतकों के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 02-02 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए अनुग्रह अनुदान दिया जाएगा। वरीय अधिकारियों द्वारा घटनास्थल पर पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है। घायलों के समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है।"
बिहार के कटिहार में क्या हुआ था?
बिहार के कटिहार में बस और पिकअप वाहन के बीच टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई थी और 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। मृतकों में महिलाएं और एक मासूम बच्ची भी शामिल हैं। पिकअप पर सवार सभी लोग पूर्णिया जिले के धमदाहा के रहने वाले थे, जो मेला देखकर अपने घर वापस लौट रहे थे।