कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को असम में दर्ज मामले पर अग्रिम जमानत मिल गई है। पवन खेड़ा ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद हिमंत विश्व शर्मा की शिकायत पर गुवाहाटी में पवन खेड़ा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। ऐसे में पवन खेड़ा ने तेलंगाना हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की और कोर्ट ने उनकी याचिका पर सुनवाई करते हुए उन्हें जमानत दे दी है। तेलंगाना हाईकोर्ट ने पवन खेड़ा को एक सप्ताह की अग्रिम जमानत दी है। एक सप्ताह के अंदर कांग्रेस नेता को गुवाहाटी कोर्ट में जाना होगा।
कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख खेड़ा ने तेलंगाना कोर्ट में अपना आवासीय पता हैदराबाद में बताया है। उन्होंने उच्च न्यायालय से अनुरोध किया था कि गिरफ्तारी की स्थिति में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया जाए। खेड़ा की पत्नी तेलंगाना की हैं और हैदराबाद में उनका खुद का घर भी है। तेलंगाना में कांग्रेस सत्ता में है। यह याचिका सात अप्रैल को दायर की गई थी। नौ अप्रैल को उस पर सुनवाई हुई और 10 अप्रैल को अग्रिम जमानत दे दी गई। खेड़ा ने याचिका में गुवाहाटी अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त थाने और तेलंगाना सरकार को प्रतिवादी बनाया था।
खेड़ा ने किस आधार पर मांगी थी अग्रिम जमानत
अपनी अग्रिम जमानत याचिका में खेड़ा ने दलील दी कि वह कानून का पालन करने वाले नागरिक हैं, उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और वह प्रमुख विपक्षी दल में एक जिम्मेदार पद पर हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि वह अपने खिलाफ दायर मामले में सहयोग करने के लिए तैयार हैं और इसलिए उन्हें अग्रिम जमानत दी जानी चाहिए।
क्या है पूरा मामला?
पवन खेड़ा ने पांच अप्रैल को आरोप लगाया था कि हिमंत विश्व शर्मा की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा के पास कई पासपोर्ट और विदेशी संपत्ति है, जिसे मुख्यमंत्री के चुनावी हलफनामे में घोषित नहीं किया गया है। शर्मा दंपति ने इन आरोपों को ''झूठा, मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण'' बताया। मुख्यमंत्री की पत्नी की शिकायत पर गुवाहाटी अपराध शाखा थाने में खेड़ा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिनमें 175 (चुनाव के संबंध में झूठा बयान), 35 (शरीर और संपत्ति की निजी रक्षा का अधिकार) और 318 (धोखाधड़ी) भी शामिल हैं। इससे पहले, असम पुलिस की एक टीम मामले के सिलसिले में पूछताछ के लिए दिल्ली में खेड़ा के आवास पर गई थी, लेकिन वह वहां नहीं मिले। असम पुलिस की टीम ने मकान की तलाशी ली और अभियोजन योग्य सामग्री मिलने का दावा किया।
खेड़ा बोले- मुझे और सवाल पूछने हैं
मंगलवार को शर्मा ने कांग्रेस पर उन दस्तावेजों का ''सत्यापन न करने'' का आरोप लगाया था, जिनके आधार पर पार्टी ने उन पर और उनके परिवार पर आरोप लगाए थे। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि खेड़ा हैदराबाद भाग गए हैं, लेकिन असम पुलिस उन्हें ''पाताल'' से भी ढूंढ निकालेगी। किसी अज्ञात स्थान से रिकॉर्ड किए गए वीडियो में असम के मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए खेड़ा ने बुधवार को भाजपा नेता पर विपक्षी दल के सवालों का जवाब देने के बजाय उनके पीछे पुलिस को लगा देने का आरोप लगाया। वीडियो में खेड़ा ने कहा, ''हमारी पार्टी ने आपसे सिर्फ कुछ सवाल पूछे थे। आप हमें चुप क्यों कराना चाहते हैं? हमने सवाल पूछे हैं; हमें जवाब दीजिए।'' उन्होंने कहा,''जवाब देने के बजाय, आप सब को अपशब्द कह रहे हैं, आपने मेरे पीछे पुलिस लगा दी है। मैं पुलिस से डरता नहीं हूं। लेकिन मैं उससे बच रहा हूं, क्योंकि मुझे और भी सवाल पूछने हैं।''
यह भी पढ़ें-
बंगाल में आज अमित शाह जारी करेंगे BJP का घोषणा पत्र, रोजगार-महिला सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस