1. Hindi News
  2. बिहार
  3. गोपाल खेमका की अंतिम यात्रा में शामिल हुआ संदिग्ध हत्यारा, पुलिस ने हिरासत में लिया; कई जिलों में छापेमारी जारी

गोपाल खेमका की अंतिम यात्रा में शामिल हुआ संदिग्ध हत्यारा, पुलिस ने हिरासत में लिया; कई जिलों में छापेमारी जारी

 Reported By: Nitish Chandra, Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 07, 2025 11:00 am IST,  Updated : Jul 07, 2025 12:31 pm IST

कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या मामले में पुलिस ने एक और संदिग्ध रोशन कुमार को पकड़ा है। रोशन कुमार गोपाल खेमका की अंतिम यात्रा में फूल माला लेकर गया था। इस दौरान शक के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

गोपाल खेमका।- India TV Hindi
गोपाल खेमका। Image Source : FILE

पटना: गोपाल खेमका हत्याकांड से जुड़ी बड़ी खबर इस समय सामने आ रही है। सूत्रों के अनुसार गोपाल खेमका की हत्या के पहले उनके आवास से करीब 500 मीटर दूर दलदली में एक चाय की दुकान पर शूटर और दो लाइनर जमा हुए। तीनों ने इसी दुकान पर चाय पी और उसके बाद एक शूटर गोपाल खेमका के आवास के पास पहुंच गया। इनमें से एक लाइनर बांकीपुर क्लब पहुंचा और दूसरा आवास के 500 मीटर दूर बिस्कोमान के आसपास था। जैसे ही खेमका अपने आवास के गेट पर पहुंचे, तभी शूटर ने उन्हें गोली मार दी। गोपाल खेमका को गोली मारने के बाद शूटर जेपी गोलंबर से बिस्कोमान होते हुए जेपी गंगा पथ फिर जेपी सेतु के रास्ते सोनपुर की तरफ भाग गया। 

हाजीपुर-सोनपुर से लेकर छपरा तक छापेमारी

फिलहाल पुलिस सभी रूटों का सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पटना के फतुआ के अलावा हाजीपुर और सोनपुर से लेकर छपरा तक छापेमारी की गई है। पुलिस को विजय नाम के शूटर पर हत्या करने का संदेह है। विजय पर पटना के बुद्धा कॉलोनी थाने में हत्या का केस दर्ज है, जिसमें वह फरार है। पहले वह दूसरी गैंग में था, अब नए गैंग में जुड़ गया है। विजय जेल भी जा चुका है और एक बार उस पर फायरिंग भी हुई थी। पुलिस का दावा है कि शूटर की पहचान कर ली गई।

अंतिम यात्रा में शामिल संदिग्ध को पुलिस ने पकड़ा

इस मामले में पुलिस ने करीब एक दर्जन संदिग्ध लोगों को भी उठाया है और सभी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कल शव यात्रा के दौरान एक संदिग्ध रोशन कुमार को भी हिरासत में लिया है। वह खेमका की शव यात्रा में फूल माला लेकर आया था। पुलिस के एक अधिकारी के बॉडीगार्ड ने उसे देखा तो शक हो गया। इसके बाद उसे गांधी मैदान थाने के हवाले कर दिया गया है। संदिग्ध रोशन कुमार पटना के पुनपुन का रहने वाला है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं बेउर जेल में बंद अजय वर्मा से पुलिस ने घटना के दिन जाकर की थी पूछताछ। जेल में छापेमारी के दौरान पुलिस को 3 मोबाइल मिला था। इस मामले में जेल IG ने 3 कक्षपाल को निलंबित कर दिया था।

मामले को लेकर संवेदनशील हैं सीएम

वहीं गोपाल खेमका हत्याकांड पर डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि यह मामला जटिल है और अननोन कांड है। इसमें स्पष्ट क्लू नहीं मिल रहा है, इसलिए काफी स्रोतों से खुलासा करने का काम किया जा रहा है। हम बतौर DGP इसे चुनौती के तौर पर ले रहे हैं। मुख्यमंत्री जी खुद काफी संवेदनशील हैं। डीजीपी विनय कुमार ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद इस मामले से संबंधित दिशा-निर्देश दे रहे हैं और पूरे मामले की मॉनीटिरिंग कर रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।