1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार में फिर पुलिस टीम पर हमला, गोलीबारी कर भागे बदमाश, एक जवान के कंधे में फंसी गोली

बिहार में फिर पुलिस टीम पर हमला, गोलीबारी कर भागे बदमाश, एक जवान के कंधे में फंसी गोली

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Apr 04, 2025 12:19 pm IST,  Updated : Apr 04, 2025 12:19 pm IST

गोली लगने के बाद पुलिसकर्मी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि गोली अभी भी पुलिसकर्मी के कंधे में फंसी हुई है।

Injured Policemen- India TV Hindi
हमले में घायल पुलिसकर्मी Image Source : INDIA TV

बिहार में पुलिसकर्मियों पर हमले की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार (4 अप्रैल) को सहरसा में पुलिस टीम पर अपराधियों ने हमला कर दिया। इस हमले में एक पुलिसकर्मी घायल हुआ है, जिसके कंधे में गोली लगी है। इलाज के लिए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना बसनही थाना क्षेत्र की है, जहां बाइक सवार अपराधियों ने पुलिस की टीम पर हमला कर दिया। अपराधियों की गोलीबारी में एक चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने घायल पुलिसकर्मी को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायल चौकीदार का नाम राजेन्द्र पासवान बताया जा रहै है, जो बसनही थाना में कार्यरत है। अपराधियों द्वारा चलाई गई गोली चौकीदार के कंधे में जाकर लगी। फिलहाल गोली कंधे में ही फंसी हुई है। 

क्या है मामला?

बसनही थाना अध्यक्ष ने कुछ पुलिसकर्मियों के साथ बसनही थाना क्षेत्र के संथाली टोला के पास सड़क पर एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों को रोकने का प्रयास किया। इसके बाद अपराधियों ने पुलिस पर गोली चला दी और गोली पुलिस टीम में शामिल चौकीदार को जा लगी। घटना के बाद जब पुलिस ने अपराधियों को खदेड़ा तो अपराधी मकई के खेत में भाग गए, जिसके बाद पुलिस ने खदेड़कर एक अपराधी को धर दबोचा। हालांकि, अन्य अपराधी भागने में सफल रहे।

घटना के बाद मौके पर जिले के एसपी समेत तमाम पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और अन्य अपराधियों की तलाश की जा रही है। इससे पहले भी बिहार में पुलिसकर्मियों पर हमले की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पिछले 15 दिन में पुलिस पर हमले की छह घटनाएं सामने आई हैं। होली के समय भी पुलिसकर्मियों पर कई हमले हुए थे, जिनमें दो पुलिसकर्मियों की मौत भी हो गई थी।

(सहरसा से संजीव कुमार की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।