बिहार से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां बीजेपी नेता सम्राट चौधरी ने सरकार बनाने का दावा पेश किया है। सम्राट चौधरी ने बीजेपी के तमाम नेताओं के साथ लोकभवन पहुंचकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। बता दें कि इससे पहले नीतीश कुमार ने आज सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया। वहीं सम्राट चौधरी कल सुबह करीब 11 बजे बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। फिलहाल सम्राट चौधरी बिहार के डिप्टी सीएम हैं।
क्या बोले सम्राट चौधरी?
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा, "भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मुझ पर विश्वास जताते हुए भाजपा बिहार विधानमंडल दल के नेता का दायित्व सौंपने पर हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है। मैं पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ जन-जन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लेता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के मार्गदर्शन में बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयामों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहूंगा। आप सभी का स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है। जय बिहार, जय भारत!"
शाहनवाज हुसैन ने बताया शुभ युग
वहीं बिहार एनडीए विधायक दल के नेता के रूप में सम्राट चौधरी को चुने जाने पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा, "सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से बिहार एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया है। नीतीश कुमार ने उनका नाम प्रस्तावित किया और एनडीए के सभी सहयोगी दलों ने इसका समर्थन किया। यह अत्यंत प्रसन्नता का विषय है। सम्राट चौधरी युवा हैं और वे बिहार को आगे ले जाएंगे। नीतीश कुमार द्वारा रचित विकास की गाथा को आगे बढ़ाया जाएगा और नरेंद्र मोदी के सपनों का बिहार साकार होगा। यह एक शुभ युग है।"
यह भी पढ़ें-
नीतीश कुमार ने इस्तीफे के बाद किया पोस्ट, बोले- "नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन"