1. Hindi News
  2. बिहार
  3. फेसबुक से शुरू हुए अजब प्यार की गजब कहानी, पति का एक से नहीं भरा मन, रचा ली दूसरी-तीसरी शादी, जानें

फेसबुक से शुरू हुए अजब प्यार की गजब कहानी, पति का एक से नहीं भरा मन, रचा ली दूसरी-तीसरी शादी, जानें

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Jan 20, 2026 04:43 pm IST,  Updated : Jan 20, 2026 04:43 pm IST

बिहार के बांका जिले में अजब प्यार की गजब कहानी सामने आई है। फेसबुक से शुरू हुए प्यार में पड़कर महिला ने शादी रचाई, लेकिन फिर जो हुआ वो आपको हैरान कर देगा। जानें पूरी कहानी...

बिहार में अजब प्यार की गजब कहानी- India TV Hindi
बिहार में अजब प्यार की गजब कहानी Image Source : REPORTER

बांका: सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती से शुरू हुआ एक प्रेम संबंध अब दहेज उत्पीड़न, धोखाधड़ी और बहुविवाह के गंभीर आरोपों में बदल गया है। शंभूगंज थाना क्षेत्र के चटमाडीह गांव निवासी जयप्रकाश मंडल की पुत्री नीलू कुमारी ने अपने पति नवनीत राज पर 10 लाख रुपये दहेज की मांग पूरी न होने पर दूसरी और फिर तीसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

पीड़िता नीलू कुमारी के अनुसार वह नोएडा में एक निजी कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थीं। वर्ष 2023 में फेसबुक के माध्यम से उनकी दोस्ती मुंगेर जिले के फरदा गांव निवासी नवनीत राज से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हुआ। बाद में दोनों परिवारों की रजामंदी से वर्ष 2024 में उनकी शादी कर दी गई। शादी के बाद एक बेटी का जन्म भी हुआ। नीलू का आरोप है कि बेटी के जन्म के बाद पति और ससुराल पक्ष का व्यवहार अचानक बदल गया। उस पर लगातार 10 लाख रुपये दहेज लाने का दबाव बनाया जाने लगा। दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके साथ मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना की गई।

पति ने कर ली दूसरी और फिर तीसरी शादी

इसी दौरान उसे यह जानकारी मिली कि नवनीत राज पहले भी एक महिला से शादी कर चुका है और बिना तलाक दिए ही उससे विवाह किया था। पीड़िता का कहना है कि जब दहेज की मांग फिर भी पूरी नहीं हुई तो नवनीत राज ने मधुबनी जिले की शिवानी कुमारी से तीसरी शादी भी रचा ली। इस बात की जानकारी मिलने के बाद नीलू पूरी तरह टूट गई और न्याय की गुहार लगाने के लिए सोमवार को अपनी मां के साथ शंभूगंज थाना पहुंची।

नीलू कुमारी ने अपनी शिकायत में पति पर दहेज उत्पीड़न, धोखाधड़ी, विश्वासघात और बिना तलाक के दूसरी-तीसरी शादी करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं शंभूगंज थानाध्यक्ष बबलू कुमार ने बताया कि पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(बांका से दीपक कुमार की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।