1. Hindi News
  2. बिहार
  3. अब लालू यादव नहीं तेजस्वी? बिहार चुनाव से पहले RJD ने लिया बड़ा फैसला, नेता प्रतिपक्ष का बढ़ा कद

अब लालू यादव नहीं तेजस्वी? बिहार चुनाव से पहले RJD ने लिया बड़ा फैसला, नेता प्रतिपक्ष का बढ़ा कद

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jan 19, 2025 10:33 am IST,  Updated : Jan 19, 2025 10:33 am IST

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले तेजस्वी यादव को आरजेडी नेताओं ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। अब तेजस्वी पार्टी के आंतरिक मामलों, पार्टी टिकट और अन्य महत्वपूर्ण फैसले ले सकते हैं।

तेजस्वी यादव और लालू यादव- India TV Hindi
तेजस्वी यादव और लालू यादव

बिहार में इस साल अक्टूबर में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। उससे पहले मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेताओं ने प्रस्ताव पारित किया है, जिसमें तेजस्वी यादव को बिहार चुनाव से पहले पार्टी की रणनीति से संबंधित फैसले लेने का अधिकार दिया गया। आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बराबर उनकी शक्ति बताने वाले प्रस्ताव के पारित होने से पार्टी में तेजस्वी का कद बढ़ गया है। यह संशोधित प्रस्ताव शनिवार को पटना में आरजेडी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक के दौरान पारित किया गया। इस दौरान लालू, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बड़ी बेटी मीसा भारती के साथ सांसद, विधायक और एमएलसी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

फैसले पर क्या बोले तेजस्वी? 

अब तेजस्वी पार्टी के आंतरिक मामलों, पार्टी टिकट और अन्य महत्वपूर्ण फैसले ले सकते हैं। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद तेजस्वी यादव ने संवाददाताओं से कहा, "सबने मुझ पर जो भरोसा दिखाया है और जो जिम्मेदारियां मुझे दी गई हैं, वो बहुत बड़ी हैं। मैं पार्टी नेताओं की उम्मीदों के मुताबिक काम करूंगा। जब पार्टी संगठन मजबूत होगा, जवाबदेह होगा, लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेगा, तभी हम चुनाव जीत पाएंगे और राज्य की जनता की सेवा कर पाएंगे। हम बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव जीतेंगे। हमें एक नया बिहार बनाना है, एक विकसित राज्य। हमें सबको साथ लेकर चलना है। हम जल्द ही अपना सदस्यता अभियान तेज करेंगे।"

सीएम नीतीश की टिप्पणी की निंदा 

तेजस्वी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इस टिप्पणी के लिए आलोचना की कि दो दशक पहले उनके सत्ता में आने के बाद से राज्य में महिलाओं की पहनावे की पसंद में सुधार हुआ है। मुख्यमंत्री ने यह टिप्पणी उस समय की जब वह राज्यव्यापी "प्रगति यात्रा" के तहत बेगूसराय जिले में थे। तेजस्वी ने कहा कि मुख्यमंत्री को यह याद रखना चाहिए, "वह मुख्यमंत्री हैं, महिलाओं के फैशन डिजाइनर नहीं। ऐसा नहीं है कि बिहार की बेटियां पहले अच्छे कपड़े नहीं पहनती थीं। वे भी स्वाभिमान और स्वावलंबन से खुद को ढकती थीं। उनका बयान राज्य की महिलाओं का सीधा अपमान है।"

मुख्यमंत्री अब थक चुके हैं: तेजस्वी 

उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री अब थक चुके हैं। वह राज्य चलाने में सक्षम नहीं हैं।" तेजस्वी यादव को बड़ी जिम्मेदारी मिलने पर टिप्पणी करते हुए आरजेडी के वरिष्ठ नेता शक्ति सिंह ने कहा, "तेजस्वी जी राज्य विधानमंडल के नेता हैं और उन्हें पार्टी की रणनीति, सदस्यता अभियान, संगठनात्मक मजबूती और जमीनी स्तर के आंदोलनों पर निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया गया है। उन्हें हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष के बराबर अधिकार प्राप्त हैं।"

राजद सांसद मनोज झा का बयान

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद राजद सांसद मनोज झा ने संवाददाताओं से कहा, "बैठक में संगठन को कैसे मजबूत बनाया जाए, इस पर विस्तृत चर्चा हुई। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव ने कहा कि अब बिगुल बज चुका है। राज्य में विधानसभा चुनाव के बाद आरजेडी जीतेगी और सरकार बनाएगी।" उन्होंने कहा कि संगठनात्मक चुनाव से संबंधित मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई और पार्टी के वरिष्ठ नेता रामचंद्र पूर्वे और चितरंजन गगन को संगठनात्मक चुनाव के लिए क्रमशः मुख्य चुनाव अधिकारी और सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। (भाषा इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें- 

दिल्ली के दंगल में कितने उम्मीदवार मैदान में, कितने नामांकन हुए रिजेक्ट? आंकड़े हुए जारी

फ्री में चाऊमीन खाने की पड़ गई थी लत, ठेले वाले ने मांगे पैसे तो लात-घूसों से जमकर पीटा; घटना CCTV में कैद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।