1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बेगूसराय में शराब तस्करी करा रहे थे पुलिसकर्मी, बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, 3 पुलिसवाले समेत 7 लोग अरेस्ट

बेगूसराय में शराब तस्करी करा रहे थे पुलिसकर्मी, बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, 3 पुलिसवाले समेत 7 लोग अरेस्ट

 Published : May 31, 2025 03:57 pm IST,  Updated : May 31, 2025 04:05 pm IST

बेगूसराय में तीन पुलिसकर्मियों समेत सात लोगों को शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ और मोबाइल की कॉल डिटेल्स की जांच में खुलासा हुआ कि ये लोग शराब माफिया से मिले हुए हैं।

पुलिस हिरासत में शराब तस्करी के आरोपी- India TV Hindi
पुलिस हिरासत में शराब तस्करी के आरोपी Image Source : INDIA TV

बेगूसराय: बिहार में शराबबंदी के बावजूद खुद पुलिस इसकी बिक्री करा रही है। ताजा मामला बेगूसराय से सामने आया है, जहां शराब तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस नेटवर्क में बेगूसराय पुलिस के तीन जवान शामिल थे। जिस वजह से तस्करी का नेटवर्क फल फूल रहा था। पुलिस अधिकारियों को जब इसकी गुप्त सूचना मिली तो वे भी हैरान रह गए। इसकी जानकारी डीएसपी बखरी कुंदन कुमार ने दी है। उन्होंने कहा कि सभी आरोपित टाइगर मोबाइल के जवानों की गिरफ्तारी की गई है। गिरफ्तार किए गए टाइगर मोबाइल के तीनों जवानों से पूछताछ की जा रही है। टाइगर मोबाइल के जवान नियाज आलम, चंदन कुमार और शशिभूषण की निशानदेही पर चार शराब कारोबारियों को भी गिरफ्तार किया गया हैं। 

शराब तस्करी में संलिप्त थे पुलिसकर्मी

डीएसपी कुंदन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि बखरी थाना क्षेत्र के सलौना रेलवे स्टेशन के पास एक पिकअप वाहन से शराब मंगाया गया है। जिसकी डिलीवरी वहां होनी है। इसी सूचना के आधार पर बखरी पुलिस एक्टिव हो गई एवं उक्त जगह पर छापेमारी करने के लिए गई। बखरी पुलिस ने पिकअप वाहन के पास टाइगर मोबाइल के तीन जवान को पाया। तीनों जवान शराब माफिया के साथ शामिल नजर आए। मौके पर पुलिस को आता देख शराब माफिया वहां से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस तो तीनों टाइगर मोबाइल के जवानों के गतिविधि पर शक हुआ।

तीन पुलिसकर्मी और चार शराब माफिया गिरफ्तार

इसी शक के आधार पर टाइगर मोबाइल के जवानों को थाना पर लाकर पूछताछ किया गया। गिरफ्तार शराब कारोबारी के पास से 22 लीटर देसी शराब और 3 लीटर विदेशी शराब व 17,500 नगद एवं 8 मोबाइल बरामद किया गया। टाइगर मोबाइल के जवानों एवं शराब कारोबारी के मोबाइल की जांच की गई तो उसमें इनपुट मिला कि टाइगर मोबाइल के जवानों की मिली भगत से शराब की तस्करी हो रही है। इसके बाद तीनों जवानों और चारों कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में कुल सात लोगों की गिरफ्तारी हुई है।

शराब माफिया पुलिसकर्मियों को देते थे रुपये

कुंदन ने बताया कि टाइगर मोबाइल के जवानों को निलंबित करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के सूत्रों के अनुसार कारोबारी ने बताया कि शराब की गाड़ी पुलिसकर्मी के संरक्षण में उतरती थी और बेची जाती थी। शराब की दिनभर में चाहे कितनी भी बिक्री हो शाम में फिक्स रुपया और एक बोतल शराब टाइगर मोबाइल के जवान को देना पड़ता है। गुरुवार की देर रात भी टाइगर मोबाइल के इन तीनों जवानों के संरक्षण में एक पिकअप पर लोड 135 कार्टून विदेशी शराब को उतरा एवं बेचा गया गया था। 

रिपोर्ट- संतोष श्रीवास्तव, बेगूसराय

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।