1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 'स्ट्रॉन्ग रूम का CCTV बंद और आधी रात को पिकअप की एंट्री' को लेकर आरजेडी के आरोपों पर चुनाव आयोग का आया जवाब

'स्ट्रॉन्ग रूम का CCTV बंद और आधी रात को पिकअप की एंट्री' को लेकर आरजेडी के आरोपों पर चुनाव आयोग का आया जवाब

 Reported By: Nitish Chandra Edited By: Mangal Yadav
 Published : Nov 08, 2025 11:38 pm IST,  Updated : Nov 08, 2025 11:47 pm IST

'स्ट्रॉन्ग रूम का CCTV बंद और आधी रात को पिकअप की एंट्री' के आरोपों पर चुनाव आयोग ने जवाब दिया है। आयोग ने आरजेडी के ट्वीट को भ्रामक बताया है।

RJD की तरफ से जारी किए गए वीडियो से ली गई तस्वीरें- India TV Hindi
RJD की तरफ से जारी किए गए वीडियो से ली गई तस्वीरें Image Source : X@RJDFORINDIA

पटनाः चुनाव आयोग ने स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले आरजेडी के आरोपों को भ्रामक और तथ्यों से परे बताया है। हाजीपुर की जिला निर्वाचन पदाधिकारी और डीएम वर्षा सिंह ने वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पांच विधानसभा क्षेत्रों के लिए आरएन कॉलेज में एक स्ट्रांग रूम बनाया गया है और उम्मीदवारों या उनके एजेंटों की निगरानी के लिए वहां डिस्प्ले यूनिट लगाई गई हैं। यह घटना रात 11:52 बजे इसी स्थान पर हुई। वीडियो में देखा जा सकता है कि महनार विधानसभा क्षेत्र का डिस्प्ले खाली हो गया, जबकि अन्य चार विधानसभा क्षेत्रों का डिस्प्ले चालू रहा। 

चुनाव आयोग ने आरजेडी को दिया जवाब

डीएम ने कहा कि वीडियो में एक पिकअप वैन को परिसर से बाहर जाते हुए भी दिखाया गया है। जांच करने पर पता चला कि रात 11:52 बजे टीवी का ऑटो टाइमर लॉक एक्टिव हो गया था, जिससे डिस्प्ले अचानक बंद हो गया। हालांकि, वीडियो रिकॉर्डिंग जारी रही। उस समय सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों के डिस्प्ले ठीक से काम कर रहे थे। लालगंज विधानसभा क्षेत्र के दो राजद एजेंट वहाँ मौजूद थे। एक एजेंट, कुंदन कुमार ने वीडियो रिकॉर्ड किया, जबकि दूसरे, सोनू कुमार, ने नियंत्रण कक्ष में जाकर पुष्टि की कि महनार का वीडियो फीड भी चालू है। इसके बावजूद, भ्रामक जानकारी फैलाने के लिए वीडियो शेयर किया गया। वीडियो में दिखाई गई पिकअप वैन में सुरक्षा बलों के बिस्तर और अन्य सामान भरे हुए थे। गेट पर गाड़ी की अच्छी तरह से जांच की गई, सामान उतारने के लिए उसे अंदर जाने दिया गया और 15 मिनट के अंदर उसे परिसर से बाहर निकाल दिया गया।

समस्तीपुर के डीएम ने जारी किया ये बयान

वहीं, समस्तीपुर के जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने एक्स हैंडल पर कहा कि दिनांक 08.11.2025 को @RJDforIndia के Twitter Handle से एक विडियो शेयर कर पोस्ट में लिखा गया है कि "समस्तीपुर जिला के समस्तीपुर कॉलेज, समस्तीपुर स्ट्रॉग रूम में CCTV आधा घंटा बंद रहा। उपरोक्त मामले की जांच वरीय पदाधिकारी से करायी गयी। जांचोपरान्त यह पाया गया है कि सुरक्षा के लिए सीसीटीवी फुटेज के फीड का Display दो जगह पर लगाया गया है। एक नियंत्रण कक्ष में एवं दुरसरा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के अवलोकन हेतु बने स्थल पर। नियंत्रण कक्ष में लगे TV Display लगातार चलाता रहा और राजनैतिक दलों के अवलोकन हेतु बने स्थल पर TV Display Screen auto timeout होने के कारण कुछ देर बन्द रहा, जिसे शीघ्र ही चालू करा दिया गया। अतः तथ्यहीन भ्रामक पोस्ट का खंडन किया जाता है। 

आरजेडी ने शेयर किया था वीडियो

बता दें कि आरजेडी ने एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर कहा दावा किया था कि हाजीपुर में स्थित स्ट्रॉन्ग रूम में बारी-बारी से अलग-अलग विधानसभा का सीसीटीवी बंद हो गया। यह भी कहा गया था कि एक पिकअप वैन वहां से गुजरती है और फिर निकलती है। आरजेडी ने एक अन्य वीडियो शेयर कर आरोप लगाया था कि समस्तीपुर की मोहिउद्दीन नगर विधानसभा के स्ट्रांग रूम में कुछ संदिग्ध घुसते दिखे हैं। आरजेडी ने आयोग से पूछा था कि  ब्रजगृह के अंदर ये संदिग्ध लोग कौन थे और क्या कर रहे थे?। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।