1. Hindi News
  2. बिहार
  3. NDA की सरकार बनने पर कौन होगा बिहार का CM? अपने जन्मदिन पर नीतीश के बेटे निशांत कुमार ने दिया जवाब

NDA की सरकार बनने पर कौन होगा बिहार का CM? अपने जन्मदिन पर नीतीश के बेटे निशांत कुमार ने दिया जवाब

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jul 20, 2025 05:01 pm IST,  Updated : Jul 20, 2025 05:06 pm IST

बिहार में इसी साल विधानसभा के चुनाव हैं। नीतीश कुमार फिर एक बार सीएम बनने की रेस में सबसे आगे हैं। ऐसे में आज नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का जन्मदिन है। निशांत कुमार ने बताया है कि बिहार में एनडीए की सरकार आने पर सीएम किसे होना चाहिए?

सीएम नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत कुमार- India TV Hindi
सीएम नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत कुमार Image Source : X/UPENDRAKUSHRLM

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत का आज जन्मदिन है। निशांत कुमार ने उम्मीद जताई कि हाल के दिनों में कई लोकलुभावन उपायों की घोषणा किये जाने के बाद राज्य की जनता उनके पिता नीतीश कुमार को फिर से सत्ता में लाएगी। निशांत ने पटना के ‘महावीर स्थान’ में पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत में यह बात कही। निशांत अपने जन्मदिन पर ‘महावीर स्थान’ पहुंचे और इस मंदिर को राज्य का सबसे बड़ा हनुमान मंदिर माना जाता है। 

जन्मदिन पर मां गरीबों को कराती थीं भोजन

निशांत ने कहा, 'मेरी मां जब जीवित थीं, तब इस दिन रुद्राभिषेक का आयोजन कराने के साथ गरीबों को भोजन कराती थीं। उनके निधन (2007 में) के बाद, हमने इस परंपरा को निभाने की कोशिश की है।' 

बिहार के लिए पिता जी ने बहुत कुछ किया

निशांत अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं। यह पूछने पर कि क्या उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों में अपने पिता की जीत के लिए प्रार्थना की है, निशांत ने मंद मुस्कान के साथ कहा, 'चुनाव वाकई नजदीक है। मुझे उम्मीद है कि बिहार के लोग NDA (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) को वोट देंगे और मेरे पिता को एक और मौका देंगे। उन्होंने (नीतीश) बिहार के लिए बहुत कुछ किया है।'

बिहार की महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत कोटा

निशांत से पूछा गया कि क्या उन्हें यकीन है कि 75 वर्षीय जनत दल यूनाइटेड (JDU) अध्यक्ष अब भी अच्छा काम कर रहे हैं? निशांत ने कहा, 'हां, उन्होंने (नीतीश ने) हाल के दिनों में बहुत कुछ किया है। उन्होंने अगले पांच सालों में एक करोड़ नौकरियां सृजित करने की योजना का अनावरण किया। विभिन्न सरकारी विभागों में कई लोगों की भर्ती की गई है। बिहार की महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत कोटा अब आरक्षित कर दिया गया है। साथ ही, राज्य के बिजली उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त मिलेगी।'

जेडीयू के नेताओं के साथ देखे गए निशांत कुमार

निशांत ने हालांकि उन अटकलों को खारिज कर दिया कि वह राजनीति में प्रवेश करने वाले हैं। निशांत को हाल के दिनों में अपने पिता के लिए प्रचार करते और जेडीयू के शीर्ष नेताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलते देखा गया है। मंदिर में निशांत का स्वागत राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड के सदस्य और दिवंगत आचार्य किशोर कुणाल के पुत्र सायन कुणाल ने किया। आचार्य किशोर कुणाल भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के एक अधिकारी थे और वह खुद का निधन होने तक ‘महावीर स्थान’ का प्रबंधन करते रहे। (भाषा के इनपुट के साथ)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।