1. Hindi News
  2. बिहार
  3. उपेंद्र कुशवाहा की लिट्टी पार्टी में क्यों नहीं पहुंचे उनके विधायक? पार्टी प्रवक्ता ने सफाई देते हुए बताई वजह

उपेंद्र कुशवाहा की लिट्टी पार्टी में क्यों नहीं पहुंचे उनके विधायक? पार्टी प्रवक्ता ने सफाई देते हुए बताई वजह

 Reported By: Nitish Chandra, Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Dec 25, 2025 07:00 pm IST,  Updated : Dec 25, 2025 07:13 pm IST

उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी की एकजुटता को लेकर सियासी चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। इस बीच, उनकी पार्टी के प्रवक्ता ने सफाई दी है कि तीन विधायक क्यों कुशवाहा की लिट्टी पार्टी में नहीं पहुंचे थे।

Upendra Kushwaha rlm mla- India TV Hindi
उपेंद्र कुशवाहा की लिट्टी पार्टी में उनके 3 विधायक नहीं पहुंचे। Image Source : REPORTER'S INPUT

पटना: उपेंद्र कुशवाहा की बीती रात हुई लिट्टी पार्टी मे RLM के 4 में से 3 विधायकों के नहीं आने और तीनों विधायकों के उसी दिन नितिन नबीन से मुलाकात की तस्वीर आने पर पार्टी में टूट की चर्चा होने लगी है। पार्टी के चार विधायक हैं। इनमें से एक उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता कुशवाहा हैं. लेकिन बाकी के तीन विधायकों ने विद्रोह के स्पष्ट संकेत देना शुरू कर दिया है। कुछ दिन पहले सीतामढ़ी के बाजोपट्टी से विधायक रामेश्वर महतो ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इशारों मे पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठाया था। बताया जाता है कि उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री बनाए जाने से पार्टी में नाराजगी है। मंत्री पद की शपथ के बाद पार्टी के कई पदाधिकारियों और नेताओं ने इस्तीफा भी दे दिया था। इस बीच, पार्टी प्रवक्ता रामपुकार सिन्हा ने इसपर सफाई दी है।

लिट्टी पार्टी में कौन-कौन से विधायक नहीं आए?

बीती रात तीनों विधायक उपेंद्र कुशवाहा के भोज में भी नजर नहीं आए और कल ही उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। बुधवार को उपेंद्र कुशवाहा ने अपने आवास पर लिट्टी-चोखा का भोज दिया था। इसमें उनकी पार्टी के प्रमुख नेताओं के साथ-साथ मीडिया के लोगों को आमंत्रण दिया गया था। लेकिन कुशवाहा की पार्टी के तीन विधायक माधव आनंद, रामेश्वर महतो और आलोक सिंह इस भोज में नहीं दिखे। कुशवाहा की पत्नी और बेटे इस भोज में थे।

लिट्टी पार्टी में क्यों नहीं पहुंचे RLM विधायक?

उपेंद्र कुशवाहा की लिट्टी पार्टी में तीन विधायकों के नहीं आने और नितिन नवीन से मुलाकात की तस्वीर आने पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रवक्ता रामपुकार सिन्हा ने सफाई दी है। उन्होंने कहा, 'हमारी पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा के माननीय तीनों विधायक माधव आनंद, रामेश्वर कुमार महतो और आलोक कुमार सिंह ने शिष्टाचार भेंट भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से की। और जहां तक उपेंद्र कुशवाहा के भोज में तीनों विधायक के नहीं आने की बात है तो वे तीनों किसी कारणवश बाहर थे इसलिए नहीं पहुंच पाए। पटना में नितिन नबीन से शिष्टाचार भेंट करके कहीं उनको निकलना था क्षेत्र में, इसलिए वो नहीं पहुंच पाए। हमारी पार्टी पूरी तरह से इंटैक्ट है।'

JDU में शामिल हुए ये RLM नेता

गौरतलब है कि आज ही RLM के संस्थापक सदस्य और व्यावसायिक प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनंत कुमार सहित पार्टी के व्यावसायिक प्रकोष्ठ के कई पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक मोर्चा से इस्तीफा दे दिया। सभी नेताओं ने अगले कुछ दिनों में JDU में शामिल होने का ऐलान किया है।

ये भी पढ़ें- 

भारत के साथ तनाव बढ़ाने पर आवामी लीग ने यूनुस सरकार पर बोला हमला, कहा-जानबूझकर फैलाई जा रही नफरत

भारतीय सेना ने सोशल मीडिया पॉलिसी में किया बड़ा बदलाव, जानें क्या कहता है नया आदेश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।