बिहार के बगहा में एक विवाहिता महिला की संदिग्ध परस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मामला रामनगर का है जहां मिल बहुअरी वार्ड नंबर 23 में एक महिला की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। मृतका के परिजनों का आरोप है कि दहेज के लालच में हत्या की गई है। अब पूरे मामले की पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।
दहेज के लिए युवती की हत्या का आरोप
मृतका की पहचान संतारा खातून के रूप में हुई है। मृतका की मां सोनी खातून ने अपने दामाद सफराज आलम पर दहेज में KTM बाइक की मांग करने और बेटी को लगातार प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका की मां के मुताबिक, 1 साल पहले उन्होंने बेटी की शादी की थी। शादी के समय परिवार की ओर से तीन लाख रुपये नकद और करीब पांच लाख रुपये के गहने दिए गए थे। इसके बावजूद दहेज में KTM बाइक की मांग की जा रही थी। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उसके साथ आए दिन मारपीट की जाती थी। परिवार की ओर से एक वीडियो भी दिखाया गया है और कहा गया है कि कुछ समय पहले संतारा खातून ने मारपीट का ये वीडियो बनाकर भेजा था।
मौत के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार
इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का दावा है कि मृतका ने पिटाई का वीडियो बनाकर अपने परिवार वालों को भेजा था और अपनी स्थिति की जानकारी दी थी। इसके बाद अब उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से मृतका का पति और ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। वहीं मामले को लेकर रामनगर थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है जिसके बाद मौत के कारण का सही पता चल पाएगा। इस बीच पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पड़ोसियों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है।
इनपुट: अमित कुमार, बगहा