1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पत्नी के तानों से तंग आकर रेलवे ट्रैक पर लेटा युवक, वाइफ को लगाया वीडियो कॉल, बोला- अब जीना नहीं चाहता

पत्नी के तानों से तंग आकर रेलवे ट्रैक पर लेटा युवक, वाइफ को लगाया वीडियो कॉल, बोला- अब जीना नहीं चाहता

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Feb 06, 2026 07:58 am IST,  Updated : Feb 06, 2026 08:00 am IST

मुजफ्फरपुर में एक युवक पत्नी और बेरोजगारी से तंग आकर सुसाइड करने की कोशिश कर रहा था तभी कुछ लोगों ने उसे देखा और उसकी जान बचा ली। इसका वीडियो भी सामने आया है।

पत्नी के तानों से तंग आकर रेलवे ट्रैक पर लेटा युवक- India TV Hindi
पत्नी के तानों से तंग आकर रेलवे ट्रैक पर लेटा युवक Image Source : REPORTER

बिहार के मुजफ्फरपुर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां पत्नी के तानों से तंग आकर एक युवक आत्महत्या के इरादे से रेलवे ट्रैक पर लेट गया। युवक को देखकर मौके पर मौजूद राहगीरों ने सूझबूझ दिखाई और उसकी जान बचा ली। घटना मुजफ्फरपुर रामदयालु नगर रेलखंड के भगवानपुर ओवरब्रिज के नीचे की बताई जा रही है। युवक का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पत्नी को वीडियो कॉल कर दी जानकारी

जानकारी के अनुसार, सिकंदरपुर थाना क्षेत्र निवासी युवक रेलवे पटरी पर सिर रखकर लेट गया और ट्रेन का इंतजार करने लगा। आत्महत्या का कदम उठाने से पहले युवक ने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल कर इसकी जानकारी भी दी थी। वायरल वीडियो में युवक ट्रेन से कटने की बात कहते हुए मोबाइल फोन दिखाता नजर आ रहा है। इसी दौरान वहां से गुजर रहे कुछ राहगीरों की नजर युवक पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर युवक को पटरी से हटाया। लोगों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। यदि समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया जाता, तो युवक की जान जा सकती थी।

स्थानीय लोगों ने युवक की जान बचाई

रेलवे ट्रैक से हटाने के बाद स्थानीय लोगों ने युवक को शांत कराया और उससे बातचीत की। वीडियो में युवक यह कहते हुए सुनाई देता है कि वह पत्नी की लगातार शिकायतों और बेरोजगारी से मानसिक रूप से परेशान है। उसका आरोप है कि पत्नी उसे ताने देती है और कई बार खाना तक नहीं देती। युवक ने बताया कि काम न मिलने के कारण वह पत्नी की इच्छाएं पूरी नहीं कर पा रहा, जिससे घर में रोजाना झगड़े होते हैं। मानसिक दबाव में आकर ही उसने आत्महत्या का फैसला लिया था।

युवक बोला- अब जीना नहीं चाहता

वीडियो में युवक को यह कहते सुनाई दे रहा है कि वह बहुत परेशान है। अब जीना नहीं चाहता। काफी देर तक समझाने के बाद स्थानीय लोगों ने युवक को घर भेज दिया। फिलहाल युवक सुरक्षित बताया जा रहा है।

रिपोर्ट- संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।