नई दिल्ली: सरकार भारी बारिश की कमी वाले क्षेत्रओं के किसानों को डीजल पर 50 प्रतिशत सब्सिडी देने के प्रस्ताव पर विचार करेगी। मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति सीसीईए की कल बैठक प्रस्तावित है। सूत्रों ने कहा कि डीजल सब्सिडी पर कृषि मंत्रालय का प्रस्ताव एजेंडा में है। समझा जाता है कि मंत्रालय ने मानसून के दौरान कम बारिश वाले क्षेत्रों में खरीफ फसलों के संरक्षण के लिए किसानों को 50 प्रतिशत डीजल सब्सिडी देने का प्रस्ताव किया है। डीजल सब्सिडी का बोझ केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा संयुक्त रूप से उठाया जाएगा।
खरीफ फसलों की बुआई के आंकड़ों पर एक नजर
देश में इस साल दलहन और तिलहन की बंपर बुआई देखने को मिली है, 30 जुलाई तक देशभर में दलहन का रकबा82.44 लाख हेक्टेयर और तिलहन का रकबा 148.52 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है। साल 2013-14 में जब सभी फसलों की रिकॉर्ड खेती हुई थी उस समय देश में दलहन का रकबा करीब 107 लाख हेक्टेयर पर था, इस साल बुआई उस आंकड़े को पार करती हुई दिखाई दे रही है। पिछले साल इस दौरान देश में सिर्फ 68.15 लाख हेक्टेयर में दलहन की खेती हो पाई थी।
बात तिलहन की करें तो 2013-14 के दौरान देश में तिलहन की बुआई का आंकड़ा 195 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया था इस बार भी तिलहन की बुआई 200 लाख हेक्टेयर तक पहुंचती हुई नजर आ रही है।
धान का रकबा भी 13 लाख हेक्टेयर बढ़ा
केंद्रीय कृषि मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक इस साल 30 जुलाई तक धान का रकबा 228 लाख हेक्टेयर के करीब पहुंच गया है, पिछले साल इस दौरान देशभर में करीब 215 लाख हेक्टेयर में धान की फसल लग पायी थी। यानि इस साल धान की बुआई पिछले साल के मुकाबले 6 फीसदी आगे चल रही है। साल 2013-14 के दौरान देश में धान का रकबा रिकॉर्ड स्तर यानि 381.47 लाख हेक्टेयर पर था, उस आंकड़े को आधार माने तों धान की बुआई लगभग 60 फीसदी खत्म हो चुकी है।