1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. ‘गांजे की खेती के लिए खरीदी 100 एकड़ जमीन’, भूपेश बघेल ने पूछा- कब होगी नरेंद्र तोमर के बेटे के वीडियो की जांच

‘गांजे की खेती के लिए खरीदी 100 एकड़ जमीन’, भूपेश बघेल ने पूछा- कब होगी नरेंद्र तोमर के बेटे के वीडियो की जांच

 Published : Nov 15, 2023 12:26 pm IST,  Updated : Nov 15, 2023 12:26 pm IST

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए पूछा कि उस कथित वीडियो की जांच कब की जाएगी जिसमें नरेंद्र तोमर के बेटे पैसों के लेनदेन की बात कर रहे हैं।

Narendra Tomar, Narendra Tomar News, Bhupesh Baghel- India TV Hindi
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल। Image Source : PTI

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। बघेल ने बीजेपी से पूछा कि उस कथित वीडियो की जांच कब शुरू की जाएगी जिसमें केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र तोमर के बेटे को पैसों के लेनदेन पर चर्चा करते सुना जा सकता है। बघेल ने 'X' पर एक ऐसे व्यक्ति का वीडियो शेयर किया जिसने खुद को कनाडा का निवासी बताते हुए दावा किया है कि वह वही शख्स है जो पिछले वीडियो में तोमर के बेटे के साथ पैसों के लेनदेन पर चर्चा कर रहा था।

‘कौन सी एजेंसी जांच करेगी? कब होंगे छापे?’

बघेल ने लिखा है,'10000 करोड़ का खेल? एक अपुष्ट वीडियो और एक ड्राइवर के बयान को लेकर मुझ पर (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जिक्र करते हुए) आपकी एजेंसी ने सैकड़ों करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप लगा दिया। अब इसकी भी जांच कीजिए। कौन सी एजेंसी करेगी जांच? कब होंगे छापे? कब होंगे मीडिया पर घंटों लंबे प्रोग्राम? केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के बेटे देवेंद्र तोमर को करोड़ों रुपयों का लेनदेन करते दिखाने वाले वायरल वीडियो मामले में नया खुलासा हुआ है। वीडियो कॉल पर मंत्री के पुत्र से बात कर रहे शख्स ने नया वीडियो जारी कर पूरी बातचीत की पुष्टि की है।’

‘गांजे की खेती के लिए खरीदी 100 एकड़ जमीन’
सीएम बघेल ने अपने ट्वीट में आगे लिखा, ‘नरेन्द्र सिंह तोमर के बेटे ने विदेश में गांजे की खेती के लिये 100 एकड़ जमीन भी खरीदी है।' महादेव सट्टेबाजी ऐप मामले की जांच कर रही ED ने इस महीने की शुरुआत में दावा किया था कि फोरेंसिक विश्लेषण और 'कैश कूरियर' द्वारा दिए गए बयान से ‘चौंकाने वाले आरोप’ लगे हैं कि महादेव सट्टेबाजी ऐप प्रमोटरों ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अब तक लगभग 508 करोड़ रुपये का भुगतान किया है और यह जांच का विषय है। इसके बाद राज्य में BJP ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक कथित वीडियो साझा कर दावा किया कि यह वीडियो महादेव सट्टेबाजी ऐप मामले के आरोपियों में से एक शुभम सोनी का है।

17 नवंबर को होगी दूसरे चरण की वोटिंग
कथित वीडियो में सोनी ने दावा किया था कि उसने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अब तक 508 करोड़ रुपये दिये हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के अन्य नेताओं ने राज्य में चुनावी रैलियों के दौरान सट्टेबाजी ऐप मामले को लेकर बघेल पर निशाना साधा। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण का मतदान 17 नवंबर को होगा। इसी दिन पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश में भी एकमात्र चरण में मतदान होगा। छत्तीसगढ़ में पहले चरण का मतदान 7 नवंबर को हुआ था। वोटों की गिनती 3 दिसंबर को की जाएगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।