1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव : दिल्ली में कांग्रेस CEC उपसमिति की आज बैठक, उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट पर होगा मंथन

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव : दिल्ली में कांग्रेस CEC उपसमिति की आज बैठक, उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट पर होगा मंथन

 Reported By: Vijai Laxmi, Edited By: Niraj Kumar
 Published : Oct 17, 2023 10:40 am IST,  Updated : Oct 17, 2023 10:40 am IST

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस सीईसी उपसमिति की एक अहम बैठक दिल्ली में होनेवाली है। इस बैठक में विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट पर मंथन होगा।

प्रियंका गांधी और भूपेश बघेल- India TV Hindi
प्रियंका गांधी और भूपेश बघेल Image Source : पीटीआई

नई दिल्ली : छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में आज कांग्रेस CEC उपसमिति की बैठक होनेवाली है। इस बैठक में कांग्रेस की दूसरी लिस्ट के नामों पर मंथन होगा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी इस बैठक में शामिल होंगे। जानकारी के मुताबिक इस अहम बैठक कांग्रेस की दूसरी लिस्ट के नामों पर अंतिम मुहर लगेगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ ही डिप्टी सीएम टी एस सिंहदेव, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज इस बैठक में शामिल होंगे। 

Related Stories

15  अक्टूबर को जारी हुई पहली लिस्ट

 इससे पहले 15 अक्टूबर को कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। इस लिस्ट में कई पुराने नेताओं पर भरोसा जताने के साथ ही कुछ नए चेहरों को भी शामिल किया गया। कांग्रेस ने जिन 30 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की उसमें 22 मौजूदा विधायकों के नाम भी शामिल हैं। इस लिस्ट में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उपमुख्यमंत्री टी.एस.सिंहदेव, विधानसभा अध्यक्ष चरण दास महंत समेत सभी 12 मंत्रियों को जगह दी गई है। 

7 और 17 नवंबर को होंगे चुनाव

पार्टी ने अपने प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक बैज को भी चुनाव मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने आठ मौजूदा विधायकों का टिकट काट दिया है। छत्तीसगढ़ की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए सात और 17 नवंबर को दो चरणों में चुनाव होंगे। पहली सूची की 30 सीट में से 14 अनुसूचित जनजाति (एसटी) और तीन अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित हैं। अन्य 13 सामान्य सीट में से नौ पर अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है। सूची में एक मौजूदा मंत्री और दो विधायकों सहित चार महिला उम्मीदवार हैं। 

मुख्यमंत्री बघेल पाटन सीट से लड़ेंगे चुनाव 

पार्टी की ओर से जारी पहली लिस्ट के मुताबिक मुख्यमंत्री बघेल अपने वर्तमान विधानसभा क्षेत्र पाटन से ही चुनाव लड़ेंगे, जहां बीजेपी के उम्मीदवार और उनके रिश्तेदार विजय बघेल उन्हें चुनौती दे रहे हैं। वहीं, उपमुख्यमंत्री सिंहदेव को भी उनके वर्तमान विधानसभा क्षेत्र अंबिकापुर से उम्मीदवार बनाया गया है। राज्य के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू को दुर्ग-ग्रामीण, विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत को सक्ती और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तथा मंत्री मोहन मरकाम को कोंडागांव से टिकट दिया गया है। पार्टी ने चित्रकोट विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक राजमन बेंजाम का टिकट काट दिया है। उनके स्थान पर बस्तर क्षेत्र के सांसद और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला लिया गया है। बैज ने चित्रकोट से 2018 का विधानसभा चुनाव जीता था, लेकिन 2019 में लोकसभा चुनाव में विजयी होने के बाद उन्होंने यह सीट खाली कर दी थी। कांग्रेस उम्मीदवार राजमन बेंजाम ने इस सीट पर हुए उपचुनाव में जीत हासिल की थी। पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के निर्वाचन क्षेत्र राजनांदगांव से उनके खिलाफ कांग्रेस नेता और छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन को चुनाव मैदान में उतारा है। देवांगन मुख्यमंत्री बघेल के करीबी माने जाते हैं। (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।