1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात, छत्तीसगढ़ आगमन के लिए किया आमंत्रित

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात, छत्तीसगढ़ आगमन के लिए किया आमंत्रित

 Published : Oct 06, 2025 09:50 pm IST,  Updated : Oct 06, 2025 09:55 pm IST

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की है। सीएम ने राष्ट्रपति से छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष के विषय में विस्तारपूर्वक चर्चा की और राष्ट्रपति को छत्तीसगढ़ आगमन के लिए आमंत्रित भी किया।

Vishnu Deo Sai Meets president murmu- India TV Hindi
राष्ट्रपति से मिले सीएम विष्णुदेव साय। Image Source : REPORTER

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री साय ने राष्ट्रपति मुर्मू को अवगत कराया कि वर्ष 2025 छत्तीसगढ़ राज्य के गठन की रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री साय ने रजत जयंती वर्ष के विशेष अवसर पर राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे  विकास कार्यों, जनकल्याण और सांस्कृतिक गौरव से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी दी।

राष्ट्रपति को छत्तीसगढ़ आगमन के लिए आमंत्रण

मुख्यमंत्री साय ने राष्ट्रपति मुर्मू को छत्तीसगढ़ आगमन हेतु आमंत्रित किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को छत्तीसगढ़ राज्य की रजत जयंती वर्षगांठ की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राज्य के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा प्रदेश की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह उपस्थित थे।

सीएम साय ने X पर दी जानकारी

राष्ट्रपति मुर्मू से हुई मुलाकात पर सीएम साय ने X पर ट्वीट कर के कहा- "माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी से नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर उनसे प्रदेश के रजत जयंती वर्ष के विषय में विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। उन्हें रजत जयंती वर्ष के विशेष अवसर पर राज्य सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे विकास, जनकल्याण और सांस्कृतिक गौरव से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी दी। राष्ट्रपति जी को छत्तीसगढ़ आगमन हेतु आमंत्रित भी किया।  राष्ट्रपति जी ने प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ राज्य की रजत जयंती वर्षगांठ की शुभकामनाएं देते हुए हमारी सरकार द्वारा राज्य के सर्वांगीण विकास और उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और प्रदेश के विकास संबंधी विषयों पर मूल्यवान मार्गदर्शन भी प्रदान किया।"

उपराष्ट्रपति से भी मिले सीएम साय

आज नई दिल्ली में भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन जी से सौजन्य भेंट की। रजत जयंती वर्ष के ऐतिहासिक अवसर पर 5 नवम्बर को नया रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन समारोह में सम्मिलित होने हेतु उन्हें सादर आमंत्रित किया। उपराष्ट्रपति जी ने स्नेहपूर्वक छत्तीसगढ़ आगमन की सहमति प्रदान की। यह संपूर्ण छत्तीसगढ़ के लिए गौरव, सम्मान और अपार हर्ष का क्षण है।

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।