1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय ने की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात, नक्सल विरोधी अभियानों पर हुई चर्चा

छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय ने की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात, नक्सल विरोधी अभियानों पर हुई चर्चा

 Published : Aug 01, 2025 06:03 pm IST,  Updated : Aug 01, 2025 06:09 pm IST

छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। सीएम ने नक्सल विरोधी अभियानों पर भी चर्चा की।

सीएम विष्णु देव साय ने की गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात- India TV Hindi
सीएम विष्णु देव साय ने की गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात Image Source : X@VISHNUDSAI

नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात की और राज्य के समग्र विकास से जुड़े प्रमुख मुद्दों और नक्सल विरोधी अभियानों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री को नक्सल विरोधी अभियानों की उपलब्धियों और आगे की रूपरेखा से अवगत कराया।

नक्सल विरोधी अभियानों पर की चर्चा

सीएम साय ने गृह मंत्री अमित शाह को बताया कि राज्य ने पिछले डेढ़ वर्षों में अपने नक्सल विरोधी अभियानों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। दिसंबर 2023 से अब तक 33 बड़ी मुठभेड़ों में शीर्ष नक्सली कमांडरों सहित कुल 445 नक्सलियों को मार गिराया गया है। इसके अलावा 1,554 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है और 1,588 ने आत्मसमर्पण किया है।

मुख्यमंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि राज्य एक व्यापक "एकीकृत विकास और सुरक्षा" नीति के तहत काम कर रहा है जिसका उद्देश्य नक्सली प्रभाव को पूरी तरह से समाप्त करना है। इसमें प्रभावित क्षेत्रों में सड़क अवसंरचना, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार शामिल है। इन पहलों से न केवल नक्सली प्रभाव कम हुआ है, बल्कि प्रशासन में जनता का विश्वास भी बढ़ा है।

अमित शाह ने साय सरकार के कामकाज की तारीफ की

इस अवसर पर, मुख्यमंत्री ने बस्तर और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करने में गृह मंत्री के निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया। अमित शाह ने छत्तीसगढ़ सरकार की पहलों की सराहना करते हुए उन्हें नक्सल के खिलाफ लड़ाई में ऐतिहासिक बताया और इस अभियान में केंद्र सरकार की ओर से पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।

दोनों नेताओं ने छत्तीसगढ़ के गठन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे अमृत रजत महोत्सव 2025 की तैयारियों पर भी चर्चा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस उत्सव को भव्य और यादगार बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। यह कार्यक्रम राज्य की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और आर्थिक उपलब्धियों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय दर्शकों के सामने प्रस्तुत करेगा।

सीएम साय ने दी ये जानकारी

सीएम साय ने एक्स हैंडल पर ट्वीट कर कहा कि आज संसद भवन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भेंट कर छत्तीसगढ़ में माओवादी उन्मूलन अभियानों की प्रगति और आगे की रणनीति साझा की। दिसंबर 2023 से अब तक 33 बड़ी मुठभेड़ों में 445 माओवादी न्यूट्रलाइज़, 1554 गिरफ्तार और 1588 ने आत्मसमर्पण किया है। हमारी विकास और सुरक्षा आधारित नीति ने जनविश्वास को मज़बूती दी है। अमित शाह ने इन प्रयासों को ऐतिहासिक बताया और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। अमृत रजत महोत्सव 2025 की तैयारियों और बस्तर विकास पर भी चर्चा हुई। छत्तीसगढ़, अब शांति और सशक्तिकरण की दिशा में तेज़ी से बढ़ रहा है।

इनपुट- पीटीआई

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।