1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. बेमेतरा के सहसपुर अचानक पहुंचे सीएम विष्णु देव साय, कहा- "मैं आप लोगों के दुख-तकलीफ जानने आया हूं"

बेमेतरा के सहसपुर अचानक पहुंचे सीएम विष्णु देव साय, कहा- "मैं आप लोगों के दुख-तकलीफ जानने आया हूं"

 Published : May 07, 2025 02:02 pm IST,  Updated : May 07, 2025 03:20 pm IST

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय खुद ग्राउंड जीरो पर उतरकर अचानक बेमेतरा के सहसपुर पहुंचे। यहां उन्होंने बरगद की छांव में ग्रामीणों का हाल-चाल लिया और फिर कई घोषणाएं की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय- India TV Hindi
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सुशासन तिहार के तीसरे चरण में अपने दौरे के दूसरे दिन ग्राउंड जीरो पर खुद उतरे। मुख्यमंत्री आकस्मिक तौर पर बेमेतरा जिले के ग्राम-सहसपुर पहुंचे और ग्रामीणों से योजनाओं का सीधा फीडबैक लिया। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि मैं आप लोगों के बीच आपकी दुख-तकलीफ जानने आया हूं। ग्राम-सहसपुर में मुख्यमंत्री के आने की कोई पूर्वयोजना नहीं थी। ऐसे में जब गांव में सहसा गूंजी हेलीकॉप्टर की आवाज तो अचंभित ग्रामीण अपने घरों से निकले। अपने मुखिया से मिलने लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। ग्रामीणों ने खुशी में कहा- राम-राम जी गा मुख्यमंत्री जी! और सदाबहार फूल की माला, चंदन-आरती के साथ उनका स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक ईश्वर साहू, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानन्द उपस्थित रहे।

बरगद की छांव में लगी मुख्यमंत्री की चौपाल

मुख्यमंत्री ने ग्राम सहसपुर में ग्रामीणों से पुराने बरगद की छांव में खाट पर बैठ संवाद किया। उन्होंने लोगों से शासन की योजनाओं प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, नल जल योजना, धान खरीदी, स्कूल में बच्चों की शिक्षा सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार को अभी डेढ़ साल हुए हैं, इस अवधि में हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई गारंटी को पूरा किया है। सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट में हमने 18 लाख आवास को स्वीकृति दी। किसानों को 2 साल का बकाया बोनस दिया। 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी भी की जा रही है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का ये तीसरा चरण है। शुरुआती चरणों में लोगों से उनकी समस्याओं के सम्बंधित आवेदन लिए गए । इन आवेदनों का अधिकारियों द्वारा लगातार निराकरण किया जा रहा है। अब मैं स्वयं आप सभी के बीच सरकार के अधिकारियों के साथ पहुंचा हूं ताकि आप सीधे मुझतक अपनी बात रख पहुंचा सकें।

'महतारी वंदन से मिली बड़ी मदद'

मुख्यमंत्री के चौपाल में महतारी वंदन से मिल रही सहायता पर पूनम साहू ने अपनी बात रखी। पूनम ने कहा कि परिवार और बच्चों की जरूरतों को पूरी करने में बड़ी मदद मिलती है। हर माह नियमित मिलती है महतारी वंदन योजना की राशि।

मुख्यमंत्री ने की ये घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने सहसपुर में ग्रामीणों से बरगद के नीचे खाट पर बैठकर संवाद करने के दौरान ग्रामीणों की मांग पर गांव के हायर सेकेंडरी स्कूल के लिए नए भवन को स्वीकृति दी। साथ ही उन्होंने 13वीं-14वीं शताब्दी में फणी नागवंशी राजाओं द्वारा निर्मित शिव मंदिर व हनुमान मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण की  घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करेंगे। महाशिवरात्रि के मेले में मैं खुद आऊंगा। मुख्यमंत्री ने सहसपुर में 33 केवी विद्युत सब स्टेशन की भी घोषणा की।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।