Tuesday, March 17, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. मनरेगा को लेकर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन, विधानसभा घेराव की कोशिश नाकाम

मनरेगा को लेकर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन, विधानसभा घेराव की कोशिश नाकाम

Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav Published : Mar 17, 2026 11:42 pm IST, Updated : Mar 17, 2026 11:42 pm IST

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि आज राज्य की राजधानी में MGNREGA राज्य में अफीम की अवैध खेती और किसानों पर US-India व्यापार समझौते के प्रभावों को लेकर हज़ारों लोग इकट्ठा हुए हैं।

प्रदर्शन के दौरान सचिन पायलट- India TV Hindi
Image Source : ANI प्रदर्शन के दौरान सचिन पायलट

रायपुरः  छत्तीसगढ़ में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने मंगलवार को रायपुर में विधानसभा का घेराव करने की कोशिश करते हुए बड़ा विरोध प्रदर्शन किया तथा केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर तीखा हमला बोला। विधानसभा के बजट सत्र के दौरान नवा रायपुर अटल नगर स्थित विधानसभा की ओर बढ़ रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने मुख्य मार्गों पर अवरोधक लगाकर रोक दिया। प्रशासन ने कई स्थानों पर धातु की चादरें लगाकर सुरक्षा कड़ी कर दी थी, जिसके चलते प्रदर्शनकारियों को तेलीबांधा इलाके के भारत माता चौक पर रोक दिया गया, जो विधानसभा से करीब 25 किलोमीटर दूर है। 

सचिन पायलट ने सरकार पर साधा निशाना

विरोध प्रदर्शन के दौरान सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि प्रदर्शन का उद्देश्य गरीबों, मजदूरों और वंचित वर्गों की आवाज उठाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मनरेगा को कमजोर करने का प्रयास कर रही है, जबकि यह पूर्व में सोनिया गांधी और तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में शुरू की गई प्रमुख रोजगार गारंटी योजना है। 

सचिन पायलट ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने शुरुआत से ही महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को खत्म करने की मंशा बनाई थी और अब इसमें बदलाव की कोशिश हो रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र ने योजना में अपनी वित्तीय हिस्सेदारी घटा दी है और ग्राम पंचायतों के अधिकार सीमित किए हैं। 

भूपेश बघेल ने बीजेपी पर बोला हमला

इस दौरान छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गरीबों और किसानों के अधिकारों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर मनरेगा को और मजबूत करेगी तथा मजदूरी बढ़ाई जाएगी। बघेल ने केंद्र सरकार की विदेश नीति और महंगाई के मुद्दे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को डीएपी और यूरिया जैसे उर्वरकों की कमी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि रसोई गैस सिलेंडर महंगे हो गए हैं। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement