1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. घर में आग लगने से जिंदा जल गया पूरा परिवार, सीएम साय ने जताया शोक; मुआवजे की घोषणा

घर में आग लगने से जिंदा जल गया पूरा परिवार, सीएम साय ने जताया शोक; मुआवजे की घोषणा

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : May 12, 2026 07:08 pm IST,  Updated : May 12, 2026 07:30 pm IST

दुर्ग के कुम्हारी में आग लगने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। सीएम विष्णु देव साय ने इस घटना पर शोक जताया है। बिजली विभाग के पोल में अधिक लोड से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

गैस सिलेंडर में ब्लास्ट से घर में लगी भीषण आग- India TV Hindi
गैस सिलेंडर में ब्लास्ट से घर में लगी भीषण आग Image Source : PTI

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार को एक मकान में आग लगने और रसोई गैस सिलेंडर फटने से एक परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई, जिनमें एक नाबालिग हैं। मृतकों की पहचान होमदास वैष्णव (40), लक्ष्मी वैष्णव (18), चांदनी (18) और गोपिका (डेढ़ साल) के रूप में हुई है। एक अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक जांच के आधार पर ऐसा लगता है कि पहले घर में आग लगी और उसके बाद रसोई गैस सिलेंडर फट गया, जिसके कारण घर में मौजूद चारों लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

जानकारी के मुताबिक सीएसपीडीसीएल के मेन लाइन में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग घर में पहुंच गई। इससे लोगों को भागने तक का मौका नहीं मिला। बताया जा रहा है कि आग में परिवार के सभी लोग जिंदा जलकर मर गए। 

सीएम ने मुआवजे का किया ऐलान

इस घटना की जानकारी मिलने पर मंत्री गंजेंद्र, श्याम बिहारी जायसवाल, सांसद विजय बघेल और विधायक रिकेश सेन ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। सीएम साय और जिला प्रशासन ने आर्थिक मदद का ऐलान किया है। मृतकों के परिजनों को प्रति व्यक्ति 9 लाख रुपये मुआवजा मिलेगा।

स्थानीय लोगों ने दी ये जानकारी

स्थानीय लोगों ने बताया कि एक ज़ोरदार धमाके से पूरा इलाका दहल गया, जिससे लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि जब तक हम वहां पहुंचे, घर पहले ही आग की लपटों में घिरा हुआ था। अंदर जाने का कोई रास्ता ही नहीं था। पड़ोसियों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन वे नाकाम रहे क्योंकि आग बहुत तेज़ी से फैल रही थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालाँकि, तब तक घर पूरी तरह से जलकर राख हो चुका था। बाद में मलबे से जले हुए शव बरामद किए गए।

रिपोर्ट- सिकंदर रजा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।