1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. रायपुर में भारी बारिश, घरों के अंदर घुसा पानी, गलियां और सड़कें भी डूबीं

रायपुर में भारी बारिश, घरों के अंदर घुसा पानी, गलियां और सड़कें भी डूबीं

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jul 05, 2026 04:49 pm IST,  Updated : Jul 05, 2026 04:49 pm IST

बारिश के मौसम में हर साल रायपुर के कई लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई घरों में पानी भर गया है और आने वाले दिनों में बारिश होने पर परेशानी बढ़ सकती है।

Raipur Waterlodging- India TV Hindi
रायपुर में जलभराव Image Source : X/PTI,ANI

छत्तीसगढ़ के रायपुर में शनिवार रात से बारिश जारी है। भारी बारिश के कारण रविवार को रायपुर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। सड़कें और गलियां पानी में डूब गईं। कई घरों के अंदर भी पानी भर गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि रात भर हुई बारिश के बाद कुछ इलाकों में पानी का स्तर घुटने और कमर तक पहुंच गया। गंदा पानी कई घरों में घुस गया, जिससे सामान को नुकसान हुआ। बच्चों और बुजुर्ग सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई लोगों को रात भर जागना पड़ा।

बारिश के बाद शहर के कई इलाके तालाबों में तब्दील हो गए। सड़कें जलमग्न हो गईं, साथ ही घरों में दो से तीन फीट तक पानी घुस गया। रात करीब 2 बजे से ही लोग पानी निकालते और अपना सामान सुरक्षित करने की कोशिश करते नजर आए। कई परिवार बिना सोए और बिना खाए रह गए और कुछ लोगों को तो पीने का पानी भी नहीं मिल रहा था।

हर साल आती है बाढ़

स्थानीय निवासी राजू वर्मा ने बताया कि मानसून आने पर बार-बार उनके इलाके में बाढ़ आती है, लेकिन अब तक प्रशासन स्थायी समाधान नहीं ढूंढ़ पाया है। उन्होंने कहा, "यह कोई नई समस्या नहीं है। मानसून के दौरान हर साल ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन अभी तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं मिल पाया है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ इन घरों में रहना मुश्किल हो गया है। दूषित पानी की मौजूदगी से संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।" एक अन्य निवासी, अनीता वर्मा ने बताया कि मौसम की पहली भारी बारिश के दौरान शहर की जल निकासी व्यवस्था ध्वस्त हो गई। उन्होंने आने वाले दिनों में और अधिक बारिश होने की स्थिति पर चिंता व्यक्त की।

स्थायी समाधान मांग रहे लोग

निवासियों ने अधिकारियों से तत्काल राहत और स्थायी समाधान की मांग की है। स्थानीय निवासी लोकेश यादव ने बताया, “यह स्थिति हर बार आती है। हम बेहद परेशान हैं। हम अपने बच्चों को गोद में लेकर इधर-उधर घूम रहे हैं। थोड़ी देर बैठते हैं, लेकिन फिर बढ़ते पानी के डर से हमें फिर से चलना पड़ता है। अगर पहली बारिश के बाद यह हाल है, तो आगे क्या होगा?” 

10 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 10 जुलाई तक छत्तीसगढ़ , पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और पश्चिमी मध्य प्रदेश में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 4 से 8 जुलाई के दौरान छिटपुट गरज, बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 9-10 जुलाई के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश में, 9-10 जुलाई के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश में, 6 जुलाई को विदर्भ में, 6-7 जुलाई और 9-10 जुलाई के दौरान छत्तीसगढ़ में छिटपुट भारी वर्षा की संभावना है।

यह भी पढ़ें-

उज्जैन में भारी बारिश के बाद उफान पर क्षिप्रा नदी, रामघाट के मंदिरों में घुस गया पानी; जलभराव का वीडियो वायरल

बिजली गिरने से 2 किसानों की दर्दनाक मौत, पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव, गांव में पसरा मातम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।