1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. पिकनिक मनाने गए 3 दोस्त उफनाती नदी के टापू पर फंसे, 15 घंटे तक चली जिंदगी की जद्दोजहद, सुरक्षित रेस्क्यू-VIDEO

पिकनिक मनाने गए 3 दोस्त उफनाती नदी के टापू पर फंसे, 15 घंटे तक चली जिंदगी की जद्दोजहद, सुरक्षित रेस्क्यू-VIDEO

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Aug 25, 2026 10:16 am IST,  Updated : Aug 25, 2026 10:32 am IST

तीनों दोस्त सोमवार शाम को भारी बारिश के दौरान देवपहरी वाटरफॉल पहुंचे थे तीनों, अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने पर टापू में फंस गए। मंगलवार सुबह इन तीनों को बाहर निकाला गया है।

नदी के बीच में फंसे तीन दोस्त- India TV Hindi
नदी के बीच में फंसे तीन दोस्त Image Source : REPORTER INPUT

छत्तीसगढ़ के कोरबा में देवपहरी वाटरफॉल के पास नदी के तेज बहाव के बीच टापू पर फंसे तीन युवकों को करीब 15 घंटे बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। तीनों युवक पिकनिक मनाने के लिए देवपहरी वाटरफॉल पहुंचे थे। इसी दौरान भारी बारिश के बाद नदी का जलस्तर बढ़ गया और तीनों बीच नदी में बने टापू पर फंस गए।

बारिश के बाद बढ़ा नदी का जलस्तर

जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक सोमवार शाम देवपहरी वाटरफॉल पहुंचे थे। इसी दौरान इलाके में तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने लगा और पानी का बहाव तेज हो गया। देखते ही देखते तीनों युवक नदी के बीच टापू पर फंस गए और वहां से निकलना मुश्किल हो गया।

तीनों ने पूरी रात टापू पर गुजारी

रात के अंधेरे और नदी के तेज बहाव के कारण उनका रेस्क्यू नहीं किया जा सका। तीनों ने पूरी रात टापू पर ही गुजारी। करीब 15 घंटे तक फंसे रहने के कारण युवक भूख-प्यास से परेशान हो गए और उनकी हालत खराब बताई जा रही थी।

रस्सी के सहारे तीनों को निकाला गया बाहर

सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पानी का बहाव कम होने के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से रस्सी के सहारे तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

लोगों से खास सावधानी बरतने की अपील

रेस्क्यू के बाद तीनों युवकों को सुरक्षित स्थान पर लाया गया। इस घटना के बाद प्रशासन ने बारिश के दौरान नदी और वाटरफॉल जैसे पर्यटन स्थलों पर जाने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

बारिश के चलते नदी, नाले और पोखर हैं उफान पर

छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में पिछले कई दिनों से तेज बारिश हो रही है। बारिश के चलते नदी, नाले और पोखर उफान पर हैं। सड़कों एवं ग्रामीण क्षेत्रों पर पानी भरा हुआ है। बारिश के चलते ही कोरबा के देवपहरी वाटरफॉल पर नदी उफान पर हैं। बारिश के दौरान यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इस घटना के बाद अब लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

सिकंदर खान की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

सड़क पर चल रही महिला पर अचानक गिरी बिजली, CCTV में कैद खौफनाक मौत, वीडियो देख सिहर उठेंगे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।