1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. कोरबा: आइसक्रीम फैक्टरी के 2 मजदूरों के नाखून उखाड़े, करंट लगाया, चोरी के शक में मालिक ने दी तालिबानी सजा

कोरबा: आइसक्रीम फैक्टरी के 2 मजदूरों के नाखून उखाड़े, करंट लगाया, चोरी के शक में मालिक ने दी तालिबानी सजा

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Apr 19, 2025 03:03 pm IST,  Updated : Apr 19, 2025 03:03 pm IST

आइसक्रीम फैक्ट्री के मालिक को दोनों मजदूरों पर चोरी का शक था। इसी वजह से उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। कपड़े उतारकर उन्हें करंट लगाया गया और उनके नाखून उखाड़ दिए गए।

Representative Image- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक मालिक ने अपने दो मजदूरों के नाखून उखाड़ लिए और उन्हें करंट लगाकर तालिबानी सजा दी। इन मजदूरों पर मालिक को चोरी का शक था, सिर्फ इसी बात पर उन्हें तालिबानी सजा दी गई। चोरी के शक में आइसक्रीम फैक्टरी के दो मजदूरों के साथ उनके मालिक और सहयोगी ने कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किया। आरोपियों ने श्रमिकों के नाखून उखाड़ दिए और उन्हें बिजली के झटके दिए। 

एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि घटना  सिविल लाइंस पुलिस थाना क्षेत्र की है। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के अभिषेक भांबी और विनोद भांबी खपराभट्टी इलाके में छोटू गुर्जर की आइसक्रीम फैक्टरी में काम करते थे। इन दोनों को एक ठेकेदार के जरिए काम पर रखा गया था। 14 अप्रैल को गुर्जर और उसके सहयोगी मुकेश शर्मा ने दोनों मजदूरों पर चोरी का आरोप लगाया और उनके कपड़े उतार दिए। इसके बाद दोनों को बिजली के झटके दिए गए और उनके नाखून उखाड़ दिए। 

घटना का वीडियो वायरल

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक अर्धनग्न व्यक्ति को बिजली के झटके देते और उसकी पिटाई करते हुए देखा जा सकता है। घटना के बाद दोनों पीड़ित भागकर भीलवाड़ा पहुंच गए। उन्होंने भीलवाड़ा में ही गुलाबपुरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। राजस्थान पुलिस ने ‘जीरो’ प्राथमिकी दर्ज कर मामले को आगे की कार्रवाई के लिए कोरबा पुलिस को भेज दिया। ‘जीरो’ प्राथमिकी के तहत पीड़ित अपराध के स्थान के बदले किसी भी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। 

पुलिस ने मामला दर्ज किया

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद शुक्रवार को कोरबा के सिविल लाइंस थाना में गुर्जर और शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पीड़ितों में से एक अभिषेक भांबी ने बताया कि उसने अपने वाहन की किस्त का भुगतान करने के लिए अपने मालिक से 20 हजार रुपये की अग्रिम राशि मांगी थी, जब मालिक ने इनकार कर दिया तो उन्होंने नौकरी छोड़ने की इच्छा जताई। उन्होंने बताया कि इस बात से आरोपी नाराज हो गया और उसने दोनों के साथ अमानवीय व्यवहार किया। सिविल लाइंस थाना के प्रभारी प्रमोद डडसेना ने बताया, ‘‘मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है तथा मामले की जांच जारी है।’’ (इनपुट- पीटीआई भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।